मां बनने के बाद दीपिका ने की शानदार वापसी, डेढ़ घंटे में जीते दो खिताब

दीपिका पल्लीकल ने हाल में ग्लासगो में आयोजित विश्व स्क्वाश चैम्पियनशिप के साथ तीन साल बाद स्क्वाश के कोर्ट पर वापसी की।

Update: 2022-04-12 07:23 GMT

दीपिका पल्लीकल, सौरव घोषाल और जोशना चिनप्पा

कहा जाता है कि कई महिला खिलाड़ियों के लिए मां बनने के बाद खेल के मैदान पर वापसी करना काफी मुश्किल हो जाता है। जिसके कारण कई बार वें खेल को भी छोड़ देती है। लेकिन स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल ने इसको गलत साबित कर दिखाया और मां बनने के बाद मैदान पर बड़ी ही शानदार वापसी। उन्होंने हाल ही में खेले टूर्नामेंट में मात्र डेढ़ घंटे के अंदर दो खिताब अपने नाम किए। जो कि स्क्वाश में एक अनोखा रिकार्ड भी है।

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले दीपिका पल्लीकल ने दो जुड़वा बच्चे (कबीर और रियान) को जन्म दिया था। जिसके कारण दीपिका पिछले काफी दिनों से कोर्ट से दूर थी। उन्होंने हाल में ग्लासगो में आयोजित विश्व स्क्वाश चैम्पियनशिप के साथ तीन साल बाद स्क्वाश के कोर्ट पर वापसी की। जहां पहले दीपिका ने सौरव घोषाल के साथ मिलकर मिश्रित युगल के फाइनल में अंग्रेजों की जोड़ी एड्रियन वालर और एलिसन वाटस को 11-6 और 11-8 से हराकर खिताब पर अपना कब्जा जमाया। दीपिका और सौरव की जोड़ी मिश्रित युगल स्पर्धा जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी।

दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल अपने बच्चों के साथ

डेढ़ घंटे में दो खिताब किए अपने नाम

इसके कुछ समय बाद दीपिका एक बार फिर कोर्ट में उतरी लेकिन इस बार उनका साथी अलग था पर उनका लक्ष्य एकबार फिर खिताब जीतना था। जहां उन्होंने महिला युगल के फाइनल में अपनी जोड़ीदार जोशना चिनप्पा के साथ मिलकर खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड की ही सारा - जेन पेरी और एलिसन वाटस को 11-9,4-11 और 11-8 से हराया। इस जीत के साथ दीपिका ने अपनी जोड़ीदार जोशना के महिला युगल के खिताब पर भी कब्जा जमाया। उन्होंने मात्र डेढ़ घंटे के अंदर दूसरा खिताब अपने नाम किया।

अगला लक्ष्य एशियाई और राष्ट्रमंडल खेल

दीपिका की यह दोनों जीते इस साल होने वाले एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के नजरिए से काफी अहम है। दीपिका अपने इस प्रदर्शन को आगे भी जारी रखना चाहेगी और आने वाले समय में एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों के साथ-साथ अन्य प्रतिस्पर्धाओं में भी भारत का नाम रोशन करना चाहेगी।

क्रिकेटर दिनेश कार्तिक की पत्नी है दीपिका

आपको बता दें कि दीपिका पल्लीकल क्रिकेटर दिनेश कार्तिक की धर्मपत्नी है। इस समय दोनों ही शानदार फॉर्म में है। यह दोनों आस्ट्रेलिया क्रिकेट दंपति मिचेल स्टाक और एलिसा हीली की तरह प्रदर्शन कर रहे हैं। एक ओर जहां क्रिकेट के मैदान पर दिनेश अपने बल्ले से आईपीएल में अपनी टीम आरसीबी को मैच जिता रहे तो वही दूसरी ओर स्क्वाश के कोर्ट में दीपिका अपने देश को खिताब जीता रही है। 

Similar News