भारतीय जिमनास्टिक महासंघ के अध्यक्ष बने सुधीर मित्तल

Update: 2019-11-06 07:58 GMT

भारतीय जिमनास्टिक महासंघ के अध्यक्ष और अन्य संबंधित पदों पर मंगलवार को चुनाव संपन्न हुए। सुधीर मित्तल को भारतीय जिमनास्टिक महासंघ (जीएफआई) का नया अध्यक्ष चुना गया है। इनके अलावा शांति कुमार सिंह को सचिव नियुक्त किया गया है। सुधीर मित्तल और शांतिकुमार को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।

पंजाब कैडर के सेवानिवृत आईएएस अधिकारी सुधीर मित्तल 2003 से 2007 के बीच जीएफआई के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 2018 में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के चेयरमैन बने। मणिपुर से राष्ट्रीय स्तर के पूर्व जिमनास्ट शांतिकुमार पहले 2011 से 2015 के बीच जीएफआई के कोषाध्यक्ष रहे हैं।  

एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप: दीपक कुमार ने कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक कोटा हासिल किया

जीआईएफ के सचिव शांति कुमार सिंह ने खेल मंत्रालय से आर्थिक मदद की उम्मीद जताई है। चुनाव के बाद उन्होंने कहा,“एक बार जब हमें मान्यता मिल जाती है तो हम उम्मीद करते हैं कि हमारी फंडिंग भी अच्छी हो जाएगी। यह एक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव था। लंबे समय के बाद हम सभी एकजुट हुए।"

अन्य पदों पर सी. प्रभाकर, दिग्विजय सिंह, किरण विट्ठल और पी. प्रभु उपाध्यक्ष चुने गए हैं। अनिल मिश्रा, मनोज कुमार, एन. सुब्बाराव तथा उज्ज्वल बरुआ को सह सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं कौशिक बीड़ीवाला को कोषाध्यक्ष और ए. सोमेश्वर, जी. गुणाशेखरन, ओ.पी. रनोट तथा परमेश्वर प्रजापत को कार्यकारी सदस्य बनाया गया है। चुने गए अधिकारियों का कार्यकाल 2023 तक का होगा।

Similar News