डेविस कप: क्रोएशिया के खिलाफ वर्ल्ड ग्रुप क्वालीफायर के लिए भारतीय टीम का ऐलान

Update: 2020-02-07 06:00 GMT

अगले महीने डेविस कप के मुकाबले में भारतीय टीम का मुकाबला क्रोएशिया से होना है, जिसके लिए भारत की छह सदस्यीय टीम का ऐलान किया गया है। इस टीम में दिग्गज लिएंडर पेस को बरकरार रखा गया है। इनके अलावा प्रजनेश गुणेश्वरन की वापसी हुई है। रोहित राजपाल टीम के कप्तान बरकरार हैं जबकि जीशान अली टीम के मुख्य कोच होंगे।

गौरतलब है कि पूर्व भारतीय टेनिस स्टार महेश भूपति के कप्तानी से पीछे हटने के बाद से रोहित राजपाल टीम की कप्तानी कर रहे हैं। भारतीय टीम को क्रोएशिया के खिलाफ अपना अगला डेविस कप मुकाबला 6 और 7 मार्च को खेलना है। जहाँ एक तरफ प्रजनेश गुणेश्वरन, रामकुमार रामनाथन और सुमित नागल एकल में भारतीय चुनौती पेश करेंगे दूसरी तरफ अनुभवी लिएंडर पेस, दिविज शरण और रोहन बोपन्ना युगल में चुनौती देते हुए नजर आएंगे

बोपन्ना और दिविज शरण ने साल 2019 में ज्यादातर डबल्स में एक साथ खेला, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ओपन में वह अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ खेले। अगले महीने होने वाले डेविस कप मुकाबले से पहले पांच सदस्यीय टीम की घोषणा की जाएगी। शीर्ष भारतीय युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और दिविज शरण पाकिस्तान के खिलाफ नूर सुल्तान में नहीं खेले थे। बोपन्ना चोटिल थे तो शरण अपनी शादी के रिसेप्शन में व्यस्त थे। उनकी अनुपस्थिति में जीवन नेदुचेझियान को टीम में मौका मिला था। अब मुख्य खिलाड़ियों की वापसी के बाद जीवन को नहीं चुना है। भारतीय टीम के मुख्य कोच जीशान अली ही होंगे।

यह भी पढ़ें: एटीपी रैंकिंग में रोहन बोपन्ना को पांच स्थान का फायदा, सुमित नागल दो स्थान लुढ़के

क्रोएशिया के खिलाफ डेविस कप मुकाबले के लिए छह सदस्यीय टीम इस प्रकार से है:

प्रजनेश गुणेश्वरन, सुमित नागल, रामकुमार रामनाथन, रोहन बोपन्ना, दिविज शरण और लिएंडर पेस।
कप्तान : रोहित राजपाल, कोच : जीशान अली।

Similar News