अवनि लेखरा ने किया टोक्यो 2020 पैरालम्पिक खेलों के लिए कोटा हासिल

Update: 2019-03-02 11:56 GMT

युवा निशानेबाज़ अवनि लेखरा ने टोक्यो 2020 में होने वाले पैरालम्पिक खेलों के लिए भारत के लिए कोटा हासिल कर लिया है, उन्होंने ये उपलब्धि संयुक्त अरब अमीरात के अल आइन शहर में हुए वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2019 के R6 मिश्रित 50 मीटर राइफल प्रोन SH1 स्पर्धा में हासिल की। अवनि ने क्वालिफिकेशन राउंड में 617.6 अंक का स्कोर किया, जो कि पैरालम्पिक खेलों के लिए रखे गए मिनिमम क्वालिफिकेशन स्कोर (MQS), 605.0 से ऊपर था। SH1 पैरा शूटिंग स्पर्धा का एक वर्ग होता है जिसमे निशानेबाज़ों को अपने फायर आर्म को सपोर्ट करने के लिए स्टैंड की आवश्यकता नहीं होती है।

भारत का यह टोक्यो पैरालम्पिक्स के लिए चौथा कोटा है, इससे पूर्व निशानेबाज़ मनीष नरवाल, दीपेंदर सिंह एवं सिंघराज 2019 में फ्रांस के शेतोहु शहर में हुए वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप में भारत के लिए कोटा स्थान हासिल किये थे। मनीष और दीपेंदर ने पुरुषों की P1 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर भारत का पैरालम्पिक्स खेलों के लिए स्थान सुनिश्चित किया। एक और युवा निशानेबाज़ सिंघराज ने P4 मिश्रित 50 मीटर पिस्टल SH1 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत के लिए कोटा हासिल किया था, इसी स्पर्धा में मनीष ने कांस्य पदक हासिल किया था।


भारत ने निशानेबाज़ी में इससे पूर्व कोई बड़ा दस्ता पैरालम्पिक खेलों के लिए नहीं भेजा है, 2019 के रिओ पैरालम्पिक खेलों में नरेश कुमार शर्मा ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था, उन्होंने पुरुषों की R1 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 में 21वा स्थान, R7 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 में 22वा स्थान, मिश्रित R3 10 मीटर एयर राइफल प्रोन SH1 में 44वा स्थान एवं मिश्रित R6 50 मीटर राइफल प्रोन SH1 में 40वा स्थान हासिल किया था। हाल ही के कुछ वर्षो में भारतीय पैरा निशानेबाज़ों ने विश्व स्तर पर अपना श्रेष्ट प्रदर्शन दिखाया है। 2018 में इंडोनेशिया में हुए पैरा एशियाई खेलों में भारत ने निशानेबाज़ी में 1 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक हासिल किया था।

Similar News