नॉर्थ चैनल पार करने वाले एशिया के पहले पैरा स्वीमर बने मध्यप्रदेश के सतेंद्र सिंह लोहिया

सतेंद्र ने 36 किलोमीटर के नॉर्थ चैनल को सिर्फ14.39 घण्टे में पार कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

Update: 2022-09-21 12:08 GMT

मध्यप्रदेश के चंबल में रहने वाले स्वीमर सतेंद्र सिंह ने आयरलैंड में नॉर्थ चैनल को पार कर शानदार इतिहास रच दिया है। सतेंद्र सिंह लोहिया नॉर्थ चैनल पार करने वाले एशिया के पहले पैरा स्वीमर बन गए हैं। उन्होंने 36 किलोमीटर के नॉर्थ चैनल को सिर्फ14.39 घण्टे में पार कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। पैरा स्वीमर सतेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम को 12℃ तापमान के बीच ठंडे पानी में 14 घण्टे 39 मिनिट तैरकर यह कारनामा किया।

इस उपलब्धि से पहले अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग पैरा स्वीमर सतेंद्र सिंह लोहिया ने इंग्लिश और केटलीना चैनल को पार करके विश्व रिकॉर्ड बनाया था और ऐसा करने वाले एशिया के पहले अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग पैरा स्वीमर बने थे।

सतेंद्र ने बताया कि उन्होंने नॉर्थ आयरलैंड के समय के मुताबिक सुबह 6:31 बजे और भारतीय समय अनुसार 11:00 बजे नॉर्थ चैनल समुद्र में तैराकी शुरू की थी। यह नॉर्थ चैनल नार्दनलैंड के डोनगड़ी और पोर्ट पेट्रियट स्कॉटलैंड के बीच की 36 किलोमीटर दूरी की तैराकी है। इस चैनल की खासियत है कि यह जितने भी वर्ल्ड के चैनल है उसमें से सबसे ठंडा चैनल है।

उन्होंने बताया इसका तापमान 12 डिग्री के लगभग रहता है। उन्होंने बताया है कि यह एशिया की पहली टीम है, जिसने ठंडे नॉर्थ चैनल को पार किया है। नॉर्थ चैनल का पानी इंग्लिश चैनल से भी ज्यादा ठंडा है।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय पैरा स्वीमर सतेंद्र सिंह लोहिया ने 24 जून 2018 को 12 घंटे 24 मिनट में इंग्लिश चैनल पार किया था, जो कि एक रिले इवेंट था। जिसके लिए उनका नाम एशियाई लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज है। 

Tags:    

Similar News