माराकेच ग्रांड प्रिंक्स अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स में अजीत ने जीता स्वर्ण पदक

प्रतियोगिता में भारत के ही देवेंद्र झझरिया 60.97 मीटर भाला फेंक कर दूसरे स्थान पर रहे

Update: 2022-09-18 09:51 GMT

अजीत सिंह यादव

अफ्रीका महाद्वीप के माराकेच ग्रांड प्रिंक्स में 6वीं अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स 15 सितंबर से 17 सितंबर तक आयोजित की गई। पैरा एथलेटिक प्रतियोगिता में दुनिया भर के 40 देशों के एथलेटिक्स ने प्रतिभाग किया, जिसमें भारत की ओर से प्रतिभाग कर रहे अजीत सिंह यादव ने 64.77 मीटर भाला फेंककर देश के नाम स्वर्ण पदक जीतकर इटावा जनपद सहित गांव का नाम रोशन किया। 

इस उपलब्धि से पहले वह पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिंक्स चीन 2019 में स्वर्ण, पैरा एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप दुबई 2019 में कांस्य, पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिंक्स दुबई 2021 में स्वर्ण और पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिंक्स ट्यूनीशिया 2022 में रजत पदक हासिल कर चुके हैं। इंडिया ओपन नेशनल चैंपियनशिप 2022 के स्वर्ण पदक विजेता अजीत ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

प्रतियोगिता में भारत के ही देवेंद्र झझरिया 60.97 मीटर भाला फेंक कर दूसरे स्थान पर रहे। जबकि मोरक्को के इजजोहरी जाकराई ने 55 मीटर भाला फेंकते हुए तीसरा स्थान पाया।

अजीत को स्वर्ण पदक मिलते ही उनके पैतृक गांव में परिवार जनो ने खुशी में सारे गांव में मिठाइयां बांटी। अजीत ने अपना बायां हाथ एक रेल दुर्घटना में खो दिया था। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह कामयाबी हासिल की। अजीत मध्यप्रदेश के ग्वालियर की लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन से पीएचडी कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News