World U20 wrestling championship 2022: भारतीय महिला पहलवान प्रिया मलिक ने हासिल किया रजत, स्वर्ण से चूकी

प्रिया के अलावा महिलाओं के 50 किग्रा भारवर्ग में प्रियांशी प्रजापत ने भी गुरुवार को कांस्य पदक जीता था।

Update: 2022-08-19 16:14 GMT

भारत की युवा पहलवान प्रिया मलिक ने विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप 2022 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। 76 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में भारतीय महिला पहलवान प्रिया को जापान की अयानो मोरो के हाथों 1-3 से हार मिली जिस वजह से वह स्वर्ण जीतने से चूक गई, और उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

फाइनल मुकाबले के पहले राउंड में प्रिया ने जापान के अयानो मोरो के खिलाफ पहला अंक हासिल किया, लेकिन दूसरे राउंड में तीन अंक गंवाकर उन्हें 3-1 से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले प्रिया मलिक ने शीर्ष-16 में कज़ाकस्तान की अलिना यरतोस्तिक को चित्त करके मात दी थी, जबकि क्वार्टरफाइनल में उन्होंने तुर्की की मेलिसा सारिटाक को 6-4 से हराया था। वहीं सेमीफाइनल में उन्होंने U20 यूरोपीय चैंपियन हंगरी की वेरोनिका न्यिकोस को 6-5 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया था।

प्रिया के अलावा महिलाओं के 50 किग्रा भारवर्ग में प्रियांशी प्रजापत ने भी गुरुवार को कांस्य पदक जीता था।

प्रिया के पदक और प्रियांशी के कांस्य के बाद भारत के पदकों की संख्या नौ हो गई, जिसमें दो रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। यह वैश्विक स्तर पर प्रियांशी प्रजापत का पहला पदक था।

बता दें अब टोक्यो ओलंपियन और दो बार की कैडेट विश्व चैंपियन सोनम मलिक (महिला 62 किग्रा), मौजूदा जूनियर एशियाई चैंपियन अंतिम (महिला 53 किग्रा) और प्रियंका (महिला 65 किग्रा) शुक्रवार को स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Tags:    

Similar News