World U20 Wrestling Championships: भारत के महेंद्र गायकवाड ने जीता रजत पदक

यह इस चैंपियनशिप में भारत का पहला रजत पदक रहा

Update: 2022-08-18 12:02 GMT

महेंद्र गायकवाड

भारत के महेंद्र बाबासाहेब गायकवाड़ ने बुधवार को बुल्गारिया के सोफिया में चल रही विश्व U20 कुश्ती चैंपियनशिप 2022 में पुरुषों के 125 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीता। यह इस चैंपियनशिप में भारत का पहला रजत पदक रहा।

भारतीय फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम ने विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक रजत और छह कांस्य सहित सात पदक हासिल किए। भारत 112 अंकों के साथ फ्रीस्टाइल टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ईरान (159) और अमेरिका (132) ने पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह जूनियर चैंपियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 2021 में भारत 101 पॉइंट के साथ पांचवें स्थान पर रहा था। 

महेंद्र गायकवाड शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचे, जहां ईरान के आमिरेज़ा फ़रदीन मासूमी ने उन्हें तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 13-2 से मात दी। जूनियर एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले गायकवाड ने क्वार्टरफाइनल में तुर्की के आदिल मिसिरसी को 6-4 से मात दी थी, जबकि सेमीफाइनल में उन्होंने उज़्बेकिस्तान के नामोज़ अद्बुराशिदोव को 6-0 से हराया था।

इसके अलावा मोहित कुमार (61 किग्रा) और सागर जगलान (74 किग्रा) ने भी बुधवार को कांस्य पदक जीते।

मोहित कुमार ने तकनीकी श्रेष्ठता के जरिए पहले दो मुकाबले जीतकर अच्छी शुरुआत की और क्वार्टर-फाइनल में U20 एशियाई चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता कजाकिस्तान के माईस अलीयेव को 10-4 से हराया। हालांकि, पिछले महीने ट्यूनीशिया में सीनियर ज़ौहैयर सघेयर रैंकिंग सीरीज में रजत पदक जीतने वाले मोहित कुमार सेमीफाइनल में जापान के चैंपियन युतो निशियुची से 16-8 से हार गए। इसके बाद मोहित कुमार ने अजरबैजान के जेहुन अल्लाहवरदीयेव को 7-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस बीच, सागर जगलान ने क्वार्टर-फाइनल में मौजूदा U20 एशियाई चैंपियन ईरान के इरफान मोहम्मद इलाही को 10-5 से हराकर बड़ी जीत हासिल की। हालांकि, सागर जगलान सेमीफाइनल में जापान के रयूनोसुके कामिया से 9-2 से हार गए, लेकिन कजाकिस्तान के इलियास येरबोलतोव को तकनीकी श्रेष्ठता (10-0) से हराकर वह कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।


Tags:    

Similar News