भारत की बेटियों ने जड़ा स्वर्ण का पंजा
विश्व कैडेट चैंपियनशिप में भारत को पाँच गोल्ड
भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल कर दिया। कुश्ती विश्व कैडेट चैंपियनशिप में जहाँ शुक्रवार तक भारत की झोली में दो स्वर्ण पदक थे। वहीं, शनिवार को उनकी संख्या बढ़कर 5 हो गई।
आपको बता दें आज के दिन हुए मैच में मुस्कान ने 43 किलोग्राम वर्ग में जापानी प्रतिद्वंदी को हराकर 10-0 से मुकाबला अपने नाम किया और स्वर्ण पदक जीत लिया। वहीं, सविता ने 61 किलोग्राम वर्ग में 12-0 से अमेरिका की खिलाड़ी को परास्त किया। इसके साथ ही पहलवान हर्षिता ने जापानी प्रतिद्वंदी को 3-1 से 69 किलोग्राम वर्ग में हराया।
इससे पिछले दिन यानी शुक्रवार को प्रिया मलिक ने सबसे ज्यादा भार 73 किलोग्राम वर्ग में जीत दर्ज की थी और रितिका कटारिया ने 43 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता था।
इसके साथ ही भारत पूरी श्रंखला में दूसरे स्थान पर रहा। चोट के कारण हमारी दो पहलवान कांस्य पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकीं।
इसके बावजूद भारत 149 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहा। जबकि 180 अंकों के साथ जापान शीर्ष पर रहा। और 112 अंकों के साथ यूक्रेन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।