Commonwealth Games 2022: दीपक नेहरा राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता, रोजाना 8 घंटे करते हैं अभ्यास

इसी साल हुए सीनियर-23 एशियन चैंपियनशिप में भी दीपक ने कांस्य पदक जीता था

Update: 2022-08-07 13:03 GMT

पहलवान दीपक नेहरा, जिन्होंने अपने कांस्य पदक मुकाबले में पाकिस्तान को हराया और भारत की झोली में ब्रॉन्ज मेडल डाल दिया। हालांकि इससे पहले मुकाबले में मिली हार से दीपक नेहरा निराश नहीं हुए, बल्कि उन्हें अपने ऊपर विश्वास था कि वह भारत के लिए पदक ज़रूर जीतेंगे।

दीपक नेहरा के कोच अजय ढांडा ने दीपक की जीत पर कहा कि दीपक पहला मुकाबला बेशक हार गया, लेकिन उन्हें पूरी उम्मीद थी कि वह देश को मेडल ज़रूर दिलाएगा। जिसे उसने पूरा किया। क्योंकि दीपक ने अपने खेल को इस कदर निखारा हुआ है कि बड़े-बड़े पहलवानों के भी उसके सामने पसीने छूट जाते हैं।

दीपक नेहरा हरियाणा के रोहतक जिले के निंदाना गाँव के रहने वाले हैं। वहीं दीपक के पिता सुरेंद्र सिंह ने दीपक की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए उनके संघर्ष के बारे में बताया। दीपक के पिता ने कहा, दीपक का बचपन से ही खेल के प्रति लगाव था। जब वे 5 साल के थे तो उन्हें मिर्चपुर एकेडमी में भेज दिया था। ताकि वह पहलवानी के गुर सीख सकें और आगे बढ़ पाए। तब से लेकर अब तक करीब 12-13 साल के इस अंतराल में लगातार अभ्यास कर रहा है। दीपक की जीत से केवल उनके गाँव में ही नहीं, बल्कि हरियाणा समेत पूरे देश भर में खुशी का माहौल है।

दीपक ने पाकिस्तान के खिलाड़ी को 8-6 के अंतर से हराया और पाकिस्तानी खिलाड़ी पर जीत दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया। दीपक मेहरा हर रोज़ 8 घंटे अभ्यास करते हैं और कुश्ती की नई-नई तकनीकी सीखते हैं। आज उसी अभ्यास का परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक हासिल किया है।

इसी साल हुए सीनियर-23 एशियन चैंपियनशिप में भी दीपक ने कांस्य पदक जीता था। वहीं, पिछले साल हुई विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था। और अब राष्ट्रमंडल खेलों में जीत दर्ज करके दीपक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है।

Tags:    

Similar News