विनेश फोगाट ने पद्म पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया को अनुचित बताया, उठाये सवाल

Update: 2020-01-27 06:27 GMT

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट पद्म पुरस्कारों के चयन प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं हैं। इसको लेकर उन्होंने ट्विटर के जरिये अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका नाम लगातार तीसरी बार पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया है। विनेश ने इसको लेकर सवाल उठाये हैं। इसके अलावा स्टार पहलवान विनेश फोगट ने पद्म पुरस्कार की चयन प्रक्रिया को अनुचित बताया है। विनेश ने हाल ही मे रोम रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक जीता था और वह पिछले कुछ सालो में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करती रही हैं।

विनेश फोगाट ने अपने गुस्से को जाहिर करते हुए लिखा, "हर साल हमारी सरकार कई खिलाड़ियों को पुरस्कार देती है। इन पुरस्कारों से खेल और खिलाड़ियों की अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हौसलाअफजाई होती है लेकिन यह भी देखा गया है कि कई बार इन पुरस्कारों के जरिये मौजूदा उपलब्धियों या खेल जगत में पिछले कुछ समय की सफलता को सम्मानित नहीं किया जाता।"

कॉमनवेल्थ खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश ने आगे कहा है, "ऐसा लगता है कि योग्य खिलाड़ी को हमेशा छोड़ दिया जाता है। यह अब एक पैटर्न बन चुका है, साल 2020 में भी ऐसे ही हुआ। यह कौन निर्णय करता है कि किसे पुरस्कार मिलेगा? क्या ज्यूरी में वर्तमान या पूर्व खिलाड़ी भी शामिल है? यह सब कैसे फैसले करते हैं। अंत में यह सब कुछ अनुचित लगता है।"

यह भी पढ़ें विनेश फोगाट ने रोम रैंकिंग सीरीज में जीता गोल्ड, फाइनल में लुईसा को हराया

जहां एक तरफ विनेश फोगाट के नाम को नजरअंदाज किया गया तो दूसरी तरफ छह बार की विश्व चैम्पियन मैरीकॉम को पद्म विभूषण के लिए चुना गया है। इनके अलावा पूर्व भारतीय फुटबॉल टीम की कप्तान बेमबेम देवी को पद्म श्री की लिए चुना गया है। एशियाड और कॉमनवेल्थ स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट को साल 2016 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने साल 2018 में उनका नाम पद्म पुरस्कारों के लिए भेजा था, लेकिन वह अंतिम सूचि में अपनी जगह नहीं बना पाये थे।

Tags:    

Similar News