आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन ने मलेशिया में जीते पांच स्वर्ण पदक

वेदांत के इस कारनामे से उनके पिता आर माधवन काफी खुश नजर आए

Update: 2023-04-17 12:11 GMT

अभिनेता आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन ने अदाकारी में नहीं, बल्कि खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए लोगों का दिल जीता है और देशभर को गौरवान्वित किया है। वेदांत ने मलेशिया इनविटेशनल एज ग्रुप तैराकी चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीते हैं। वेदांत के इस कारनामे से उनके पिता आर माधवन काफी खुश नजर आए।

आर माधवन ने इवेंट से अपने बेटे की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए खुशी जाहिर की। तस्वीरों में वेदांत भारत के राष्ट्रीय ध्वज और पांच स्वर्ण पदक के साथ पोज देते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, अन्य तस्वीर में वह अपनी मां सरिता बिरजे के साथ दिखाई दिए।

इन तस्वीरों को साझा करते हुए आर माधवन ने कैप्शन में लिखा, 'ईश्वर की कृपा और आप सभी की शुभकामनाओं के साथ वेदांत को भारत के लिए पांच स्वर्ण (50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर में) के साथ दो व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किये। यह इवेंट मलयेशिया इन्विटेशनल एज ग्रुप तैराकी चैंपियनशिप 2023 में इस हफ्ते कुआला लुंपुर में आयोजित किया गया था। हम उत्साहित हैं और प्रदीप सर के बहुत आभारी हैं।'

वेदांत के गोल्ड जीतने पर कई सेलिब्रिटीज ने आर माधवन के पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। साउथ स्टार सूर्या ने उन्हें बधाई दी है। इसके अलावा अनुष्का शर्मा, शिल्पा शिरोडकर और लारा दत्ता इन सभी ने वेदांत के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

अभी 2 महीने पहले भोपाल में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2023 में वेदांत ने सात पदक जीते थे। वेदांत ने इस प्रतिस्पर्धा में 5 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते थे। इसके अलावा पिछले साल अक्टूबर में हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में महाराष्ट्र के लिए कुल 7 पदक अपने नाम किये थे।

Tags:    

Similar News