सांबो प्रतियोगिता में भाग लेने आए पंजाब के 9 खिलाड़ियों को कार ने मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर

घटना के बाद सभी को जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज (जीएमसी) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Update: 2022-12-03 14:52 GMT

जम्मू में हो रही सांबो (मार्शल आर्ट) की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आए 9 खिलाड़ियों को एक तेज रफ्तार आल्टो कार ने टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। दरअसल, शहर के भगवती नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात में सभी खिलाड़ी सड़क किनारे खड़े हुए थे तभी एक कार ने बुरी तरह टक्कर मारकर खिलाड़ियों को घायल कर दिया, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।

घटना के बाद सभी को जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज (जीएमसी) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में स्थानीय लोगों ने मदद की और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पौनीचक्क पुलिस ने कार जब्त कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खिलाड़ी सड़क किनारे अपनी बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक कार तेज रफ्तार में आई। चालक का उसपर नियंत्रण नहीं था। जब तक सड़क किनारे खड़े खिलाड़ी कुछ समझ पाते कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे वहां हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। कार भी टकराने के बाद एक तरफ रुक गई। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया।

बता दें जम्मू में जारी राष्ट्रीय स्तर की में 18 राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। यह प्रतियोगिता अंडर 14, 17 और 19 वर्ष की अयुवर्ग के बीच हो रही है। इसी में पंजाब से भी प्रतियोगिता में भाग लेने नौ खिलाड़ी आए थे। 

Similar News