इंडियन ओपन किकबॉक्सिंग अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट दिल्ली में खेला जायेगा, पहली बार होगा आयोजन

Update: 2020-01-30 11:32 GMT

इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन ने बुधवार को वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ किकबॉक्सिंग ऑर्गनाइजेशन (वाको) के साथ मिलकर पहली बार इंडियन ओपन किकबॉक्सिंग अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट शुरू करने की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 10 से 13 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा और इसमें 12 से अधिक देशों के 1000 से अधिक पुरुष और महिला एथलीट भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता दो प्रारूपों में खेली जायेगी।

भारतीय दल में मोनाल कुकरेजा, हमी, अंशुमान डाकुआ, साई गौरव महापात्र, प्रेरणा नंद परिदा और वृषण जैसे नाम हैं। वाको इंडिया के अध्यक्ष आनंद एम शरण ने पीटीआई से कहा, "यह आने वाले वर्षों में भारतीय किकबॉक्सरों के लिए सबसे बड़े मंचो में से एक साबित होगा। वाको को हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) द्वारा अस्थाई रूप से मान्यता दी गई है।" इस प्रतियोगिता के लिए भारत आने वाले कुछ देश यूनाइटेड किंगडम, क्रोएशिया, तुर्की, नाइजीरिया, आयरलैंड गणराज्य, नेपाल, जॉर्डन, कजाकिस्तान और एस्टोनिया हैं।

इंडियन एसोसिएशन ऑफ किकबॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन (IAKO) का गठन 1993 में पूरे देश में किकबॉक्सिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया गया था, जिसमें शौकिया किकबॉक्सिंग और पेशेवर किकबॉक्सिंग दोनों शामिल हैं। यह स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा मान्यता प्राप्त भारत का पहला मार्शल आर्ट फेडरेशन है।

भारतीय किकबॉक्सरों ने एशियाई खेलों, एशियाई इनडोर खेलों, विश्व मार्शल आर्ट्स खेलों, विश्व चैंपियनशिप और भारतीय ओलंपिक संघ में भाग लिया है। वाको इंडिया के अध्यक्ष, श्री संतोष के अग्रवाल ने इस संदर्भ में पीटीआई को बताया, "मुझे बहुत खुशी है कि इस चैम्पियनशिप से कल के उभरते हुए सितारों में खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा। यह 29 राज्यों और भारत के 3 केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक सहयोगात्मक घटना भी है।"

Similar News