2026 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए हुई मेजबान की घोषणा

2026 में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया को मिली।

Update: 2022-04-12 11:04 GMT

राष्ट्रमंडल खेल 2026 विक्टोरिया

मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खेलप्रेमियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आयी। 2026 में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया को मिली। मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेल महासंघ ने इसकी घोषणा की। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सभी खेलप्रेमियों में ख़ुशी की लहर दौड़ गयी।ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन विक्टोरिया राज्य के विभिन्न शहरों में किया जायेगा। इनमें मेलबर्न, जिलॉन्ग, बेंडिगो, बल्लारेट और गिप्सलैंड सहित कई शहरों और क्षेत्रीय केंद्रों को शामिल किया गया है।

इन सभी में अलग अलग खेल गांव बनाये जाएंगे। राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन समारोह ऐतहासिक मेलबर्न स्टेडियम में होगा। इसमें लगभग 1 लाख से अधिक दर्शकों के रहने की उम्मीद है। वही इन खेलों के दौरान ऑस्ट्रेलिया की कला संस्कृति की झलकियां भी खेल प्रेमियों को देखने को मिलेगी।

यह घोषणा राष्ट्रमंडल खेल महासंघ, कॉमनवेल्थ गेम्स ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरिया के बीच एक विशेष संवाद अवधि के बाद की गई है। इसकी पुष्टि करते हुए विक्टोरिया के प्रीमियर डैनियल एंड्रयूज ने कहा "2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए विक्टोरिया को मेजबान स्थल के रूप में चुना जाना एक बड़ा सम्मान है। हम अपने पूरे राज्य में दुनिया का स्वागत करने के लिए इंतजार नहीं कर सकते। 2026 का राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन बहुत अलग होगा। अभी तक सिर्फ किसी एक शहर को ही मिलती थी, पहली बार पूरे राज्य को इसकी मेजबानी मिली। जो कि हमारे लिए गौरव की बात है।''

क्रिकेट भी होगा शामिल

2026 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन मार्च महीने में किया जायेगा। इसमें शुरुआती तौर पर अभी16 खेलों को शामिल किया गया। हालंकि अन्य खेलों की सूची इस साल के अंत में जारी की जाएगी। राष्ट्रमंडल खेलों में 24 साल बाद क्रिकेट दूसरी बार शामिल होगा। क्रिकेट के अलावा राष्ट्रमंडल में टेनिस, स्क्वाश, कुश्ती , हॉकी, लॉन बॉल, टेनिस बॉल , नेटबॉल , रग्बी, टेबल टेनिस सहित अन्य खेल शामिल है।

पांच बार मेजबानी कर चुका है ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया अभी तक पांच बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले साल 1938 में सिडनी में मेजबानी की थी , जिसके बाद 1962 में पर्थ, 1982 में ब्रिस्बेन ,2006 में मेलबर्न और 2018 में गोल्ड कोस्ट में मेजबानी की थी। अभी तक जितने भी बार ऑस्ट्रेलिया ने राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की उनमें अब तक सबसे सफल आयोजन 2006 मेलबर्न को माना जाता है। उस आयोजन को आज भी राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्णिम आयोजन माना जाता है। इसके अलावा 2004 में बेंडिगो में राष्ट्रमंडल युवा खेलों की भी मेजबानी की थी।

Similar News