जूनियर एशियन वुशु प्रतियोगिता में भारत की रजीना तमांग ने जीता कांस्य पदक

Update: 2019-08-23 06:23 GMT

भारत के लिए वुशु से भी एक अच्छी ख़बर आ रही है, जहां देश के नाम दिल्ली की रजीना तमांग ने एक कांस्य पदक दिलाया है। दारुस्सलाम के ब्रुनेई में खेली जा रही जूनियर एशियन वुशु प्रतियोगिता के नानक्वान इवेंट में रजीना ने भारत के लिए कांस्य जीता।

इससे पहले भी साल 2017 में रजीना ने जूनियर एशियन वुशु प्रतियोगिता में भारत को पदक दिलाया था। गुरुवार को नानक्वान इवेंट में मकाऊ की सम इन वोंग के नाम जहां स्वर्ण पदक गया तो इंडोनेशिया की अरीयांत ने रजत पदक पर कब्ज़ा किया। इसी इवेंट का कांस्य पदक तमांग ने हासिल किया।

दिल्ली की रहने वाली हैं रजीना तमांग

अभी भी रजीना के पास एक और पदक जीतने का मौक़ा है, क्योंकि उनका एक इवेंट नानगुन बाक़ी है, जो शुक्रवार को खेला जाएगा। उम्मीद है कि इस इवेंट में रजीना अपना शानदार फ़ॉर्म जारी रखेंगी और भारत को एक और पदक दिलवाएंगी।

साल 2017 में भी इसी प्रतियोगिता में रजीना ने भारत के लिए जीता था कांस्य

दिल्ली से ही रजीना के अलावा एक और खिलाड़ी सुरोजीत सरदार भी जूनियर एशियन वुशु चैंपियनशिप में खेल रहे हैं। आपको ये भी बता दें कि भारतीय वुशु टीम के कोच पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन और भारत के अंतर्राष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी मनोज कुमार हैं। भारत को पदक दिलाने के बाद हर तरफ़ से रजीना को बधाई मिल रही है, उन्हें दिल्ली एमेच्योर वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर एस आर के वाष्णेय और दूसरे पदाधिकारियों ने भी जीत की बधाई दी।

Similar News