WPL - MI vs UPW: यूपी ने मुंबई का विजयी रथ रोका, 5 विकेट से जीता मैच

गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने वाली ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Update: 2023-03-18 17:40 GMT

यूपी वारियर्स ने शनिवार को महिला प्रीमियर लीग के रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को तीन गेंद रहते पांच विकेट से पराजित कर उनका विजयी अभियान थाम दिया। इंग्लैंड की बायें हाथ की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन के तीन विकेट की मदद से यूपी वारियर्स ने मुंबई इंडियंस को 127 रन पर आउट कर दिया। फिर एक्लेस्टोन के छक्के से यह लक्ष्य 19.3 ओवर में पांच विकेट पर 129 रन बनाकर हासिल किया और मुंबई इंडियंस की लगातार छठी जीत दर्ज करने की उम्मीद तोड़ दी। यह मुंबई इंडियंस की टूर्नामेंट में पहली हार है। यह 6 मैच में यूपी की तीसरी जीत है। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने वाली ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

इंग्लैंड की बायें हाथ की स्टार स्पिनर सोफी एक्सेलेटोन के तीन विकेट की मदद से यूपी वारियर्स ने मुंबई इंडियंस छोटे स्कोर पर रोक दिया। इस्सी वोंग ने अगर 19 गेंद में 32 रन नहीं बनाये होते तो मुंबई का स्कोर और खराब होता। कप्तान एलिसा हीली के टॉस जीतकर गेंदबाजी के फैसले को यूपी के गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया। उन्होंने फॉर्म में चल रहे मुंबई के बल्लेबाजों के सामने अनुशासित गेंदबाजी की। मुंबई का स्कोर दस ओवर के बाद दो विकेट पर 56 रन था। हीली मैथ्यूज (35) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (25) साझेदारी की ओर बढती दिख रही थी। दोनों हालांकि अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सकी।

हरमनप्रीत को दीप्ति शर्मा ने और मैथ्यूज को सोफी ने पवेलियन भेजा। इससे पहले यस्तिका भाटिया (पांच) और नेट स्किवेर ब्रंट (सात) भी सस्ते में आउट हो गई थी। अमेलिया केर (3) पांच गेंद ही खेल सकी और राजेश्वरी गायकवाड़ का शिकार हुई। वारियर्स ने 14वें ओवर की शुरूआत में मुंबई के पांच विकेट 78 रन पर निकाल दिये थे। अमनजोत कौर भी कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाई और सोफी का शिकार हुई। सोफी को दूसरे छोर से बाकी गेंदबाजों का भी पूरा सहयोग मिला। राजेश्वरी गायकवाड़ ने चार ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिये। दीप्ति ने 34 रन देकर दो विकेट चटकाये।

हालांकि मुंबई इंडियंस ने पहले सात ओवर में यूपी वारियर्स के तीन विकेट झटककर अच्छी शुरुआत की। कप्तान एलिसा हीली का विकेट भी इसमें शामिल रहा जो खतरनाक साबित हो सकती थीं। अमेलिया केर ने फिर तहलिया मैकग्रा का विकेट झटका जिन पर यूपी वारियर्स की उम्मीद टिकी हुई थी। मैकग्रा ने केर की गेंदबाजी पर उन्हें कैच देने से पहले 25 गेंद में छह चौके और एक छक्के से 38 रन बनाये। फिर ग्रेस हैरिस (39 रन, सात चौके) ने जिम्मेदारी से खेलते हुए यूपी वारियर्स को मैच में बनाये रखा। 16वें ओवर में उन्होंने अमेलिया केर पर लगातार दो चौके जड़े लेकिन अगली गेंद पर आउट हो गयीं। उनका कैच लांग आन पर वोंग ने लपका।

पर दीप्ति शर्मा (नाबाद 13 रन ) और सोफी एक्लेस्टोन (नाबाद 16 रन) क्रीज पर थीं, दोनों की बदौलत 19 ओवर तक टीम ने पांच विकेट पर 123 रन बना लिये थे। अब अंतिम छह गेंद में पांच रन चाहिए थे। पहली दो गेंद पर कोई रन नहीं बना और तीसरी गेंद पर एक्लेस्टोन ने साइट स्क्रीन की ओर छक्का जड़ अपनी टीम को तीसरी जीत दिलायी।

Tags:    

Similar News