युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह से क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहें अर्जुन तेंदुलकर

खेल के गुण सीखते हुए अर्जुन और योगराज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं

Update: 2022-09-24 10:15 GMT

भारतीय दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर 2022-23 में होने वाले घरेलू सीजन के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं। अपनी तैयार को बेहतर करने के लिए अर्जुन योगराज सिंह से ट्रेनिंग ले रहे हैं।

खेल के गुण सीखते हुए अर्जुन और योगराज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में से एक में अर्जुन नेट सत्र के दौरान भारत के पूर्व तेज गेंदबाज योगराज सिंह से टिप्स ले रहे हैं तो वहीं दूसरी तस्वीर में वो योग करते हुए नजर आ रहे हैं।

बता दें योगराज सिंह भारत के पूर्व आलराउंडर युवराज सिंह के पिता हैं। योगराज 1980 के दशक में भारतीय टीम के लिए खेले थे। उन्होंने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया, जबकि उनका वनडे डेब्यू भी ब्रिस्बेन में ब्लैक कैप्स के खिलाफ ही हुआ था।

गौरतलब है कि अर्जुन इस बार गोवा का प्रतिनिधित्व करेंगे। सीनियर क्रिकेट में पदार्पण के एक साल के बाद ही अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई टीम को छोड़ दिया था। वह इस साल मुंबई रणजी टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था। इसके बाद अर्जुन ने गोवा की तरफ से खेलने का फैसला किया था।

अर्जुन के मुंबई छोड़ने के बारे में सचिन तेंदुलकर ने कहा था, "उसे अपने करियर के इस मोड़ पर ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने की जरूरत है। हमारा मानना है कि इस बदलाव से अर्जुन के अधिक प्रतिस्पर्धी मैचों में खेलने की संभावना में सुधार होगा। वह अपने क्रिकेट करियर के एक नए चरण की शुरुआत कर रहे हैं।"

Tags:    

Similar News