Chess Olympiad 2022: पीएम मोदी ने किया 44वें शतरंज ओलिंपियाड का उद्घाटन, अतिथि देवो भव का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की परंपरा अतिथि देवो भव का जिक्र करते हुए कहा कि खेलों में कोई हारता नहीं है, क्योंकि इसमें विजेता और भावी विजेता होते हैं।

Update: 2022-07-29 07:35 GMT

शतरंज ओलिपियाड 2022

भारत में आयोजित हो रहे 44वें शतरंज ओलिंपियाड का उद्घाटन गुरुवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनियाभर से भाग लेने आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए किया।

भारत में पहली बार हो रहे शतरंज ओलिंपियाड का आयोजन तमिलनाडु के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में किया गया, जहां तमिलनाडु की संस्कृति को दर्शाते हुए रंगरंगा कार्यक्रम के साथ टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की परंपरा अतिथि देवो भव का जिक्र करते हुए कहा कि खेलों में कोई हारता नहीं है, क्योंकि इसमें विजेता और भावी विजेता होते हैं।

मोदी ने कहा,"खेल सुंदर है क्योंकि इसमें लोगों को, समाज को जोड़ने की ताकत है। यह टीमवर्क को बढावा देता है। दो साल पहले कोविड-19 की शुरुआत हुई और दुनिया थम गई, लेकिन ऐसे समय में खेल आयोजनों ने दुनिया को जोड़ा। हर टूर्नामेंट ने महत्वपूर्ण संदेश दिया कि हम एकसाथ अधिक मजबूत है। मुझे यही भावना यहां दिख रही हैं।"

उन्होंने कहा,"अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए यह अच्छा दिन है। यहां ओलिंपियाड शुरू हो रहा है और ब्रिटेन में हजारों खिलाड़ी कामनवेल्थ गेम्स में भाग ले रहे हैं। मैं यहां एकत्र हुए सभी खिलाडि़यों को शुभकामना देता हूं। आशा करता हूं कि भारत की अच्छी यादें लेकर आप जाएंगे। भारत आपका हमेशा खुले दिल से स्वागत करेगा। खेलों में कोई हारता नहीं है। इसमें विजेता होते हैं और भावी विजेता होते हैं।"

मोदी ने आगे कहा,"44वें शतरंज टूर्नामेंट में कई मायनो में कई बातें पहली बार हो रही है। यह पहली बार भारत में शतरंज के जन्मस्थान पर हो रहा है। यह तीन दशक में पहली बार एशिया में हो रहा है। पहली बार इसमें सर्वाधिक देश और टीमें भाग ले रही हैं। इसमें महिला वर्ग में सर्वाधिक प्रविष्टियां मिली है और पहली बार शतरंज में मशाल रिले हुई है।"

उद्घाटन के मौके पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे। अनुराग ठाकुर ने कहा,"सिर्फ तीन महीने में इस टूर्नामेंट का आयोजन कर पाना आसान नहीं था। दुनिया में कोई नहीं कर सकता, लेकिन भारत ने कर दिखाया।"

आपको बता दे,भारत शतरंज ओलंपियाड की पहली बार मेजबानी कर रहा हैं। जिसका आयोजन यहां से 50 किलोमीटर दूर मामल्लापुरम में हो रहा है। इसमें रिकार्ड खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जहां ओपन वर्ग में 188 और महिला वर्ग में 162 खिलाड़ी उतरेंगे। टूर्नामेंट में भारत की तीन-तीन टीमें ओपन और महिला वर्ग में उतरेंगे। इसकी मशाल रिले पिछले 40 दिन में 75 शहरों में होती हुई यहां पहुंची हैं।

Tags:    

Similar News