BWF World Championships: सात्विक-चिराग की जोड़ी ने सेमीफाइनल मुकाबला हारकर जीता कांस्य, पुरुष युगल स्पर्धा में भारत को मिला पहला पदक

भारतीय जोड़ी को मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने 20-22, 21-18, 21-16 से हरा दिया। जिसके बाद सात्विक-चिराग की जोड़ी का स्वर्ण जीतने का सपना टूट गया।

Update: 2022-08-27 07:37 GMT

टोक्यो में आयोजित बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले में हारकर कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा हैं। भारतीय जोड़ी को मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने 20-22, 21-18, 21-16 से हरा दिया। जिसके बाद सात्विक-चिराग की जोड़ी का स्वर्ण जीतने का सपना टूट गया।

बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों के हाथ निराशा लगी हैं। सिर्फ युगल स्पर्धा में सात्विक-चिराग की जोड़ी पदक जीतने में सफल हुई हैं।

बता दें मलेशियाई जोड़ी ने सात्विक-चिराग की जोड़ी को लगातार छठी बार हराया है। इससे पहले हाल ही में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के मिश्रित स्पर्धा फाइनल में भी उन्हें इस जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा था। हालाकि इस हार के बाद भी भारतीय जोड़ी ने अपना अच्छा प्रदर्शन दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

भारत का बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में युगल स्पर्धा में दूसरा पदक है। इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने महिला युगल में कांस्य पदक जीता था। पुरुष युगल में यह भारत का पहला पदक है।

गौरतलब है कि इस पदक को मिलाकर विश्व चैंपियनशिप में भारत कुल 13वां पदक हासिल कर चुका। पीवी सिंधु ने 2019 में स्वर्ण पदक सहित इस प्रतियोगिता में कुल पांच पदक जीते हैं जबकि साइना नेहवाल ने एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया है। वहीं किदांबी श्रीकांत ने रजत, लक्ष्य सेन, बी साई प्रणीत और प्रकाश पादुकोण ने कांस्य पदक जीते हैं।

Tags:    

Similar News