बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग: छठे स्थान पर पहुंचे लक्ष्य सेन, गायत्री-त्रीशा की जोड़ी ने भी की शीर्ष 20 में एंट्री

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरुष युगल में सातवें स्थान पर बनी हुई है।

Update: 2022-11-29 11:41 GMT

बीडब्ल्यूएफ द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को दो स्थान का फायदा हुआ हैं। मंगलवार को जारी विश्व रैंकिंग के मुताबिक राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य दो स्थान के साथ दोबारा करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। 21 वर्षीय लक्ष्य ने मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 टूर्नामेंट से 75,024 अंक जुटाए हैं।

लक्ष्य के अलावा किदांबी श्रीकांत और अनुभवी एचएस प्रणय 11वें और 12वें स्थान पर बरकरार हैं। वहीं भारत की महिला युगल जोड़ी त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद दो स्थान के फायदे से शीर्ष 20 में जगह बनाने में सफल रही है। यह जोड़ी अभी विश्व रैंकिंग में 19वें स्थान पर है।

जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरुष युगल में सातवें स्थान पर बनी हुई है। इसके अलावा इशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी भी 24वें स्थान पर बरकरार है।

पीवी सिंधु की बात करें तो बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में चोट लगने के बाद वह किसी टूर्नामेंट में नही खेल पाई और विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर ही कायम हैं।

Tags:    

Similar News