Badminton World Championships: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी सेमीफाइनल में, भारत का पहला पदक पक्का किया

विश्व चैंपियनशिप में यह भारत का कुल 13 वां मेडल है

Update: 2022-08-26 04:58 GMT

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गई है। इस भारतीय जोड़ी ने जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी को 24-22, 15-21, 21-14 से हराया। विश्व चैंपियनशिप 2022 में भारत का पहला पदक इसी जोड़ी ने पक्का किया। बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी का कांस्य पदक पक्का हो जाता है। विश्व चैंपियनशिप में यह भारत का कुल 13 वां मेडल है। वहीं युगल मुकाबलों में भारत ने दूसरी बार पदक पाया है। इससे पहले ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने 2011 में महिला युगल में पदक जीता था।

इस माह के शुरू में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली विश्व में 7वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करके खिताब की प्रबल दावेदार और मौजूदा चैंपियन जापानी जोड़ी को एक घंटे 15 मिनट तक चले मैच में हराया। इसके साथ ही पहली बार विश्व चैंपियनशिप में अपने लिए पदक सुनिश्चित किया।

इससे पहले एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला का विजय अभियान तीन बार के स्वर्ण पदक विजेता मोहम्मद अहसान और हेंड्रा सेतियावान की जोड़ी से पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में हारने के साथ समाप्त हो गया। गैरवरीय भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की तीसरी वरीय जोड़ी से 30 मिनट से भी कम समय में 8-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले दूसरे दौर में डेनमार्क के आठवीं वरीयता प्राप्त किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को हराया था।

Tags:    

Similar News