Badminton Asia Championships: पीवी सिंधु, एचएस प्रणय भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे

लंदन ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापिस ले लिया है।

Update: 2023-04-24 18:39 GMT

पीवी सिंधु

ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और एचएस प्रणय 25 से 30 अप्रैल तक दुबई के शेख राशिद बिन हमदान इंडोर हॉल में होने वाली बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2023 में महिला वर्ग और पुरुष वर्ग में भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे।

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2023 टूर्नामेंट का 40वां संस्करण होगा और मध्य पूर्व देश में में पहली बार खेला जाएगा।

पीवी सिंधु के अलावा एकल वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाले अन्य प्रमुख भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों में एचएस प्रणय, किदांबी श्रीकांत और लक्ष्य सेन शामिल हैं। लंदन ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने अंतिम समय में टूर्नामेंट से अपना नाम वापिस ले लिया है। 

पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की अगुआई होगी, जबकि महिला युगल स्पर्धा में गायत्री गोपीचंद और तृषा जॉली प्रतिस्पर्धा करेंगी।

सिंधू को एकल वर्ग में आठवीं वरीयता मिली है। वह इस महीने की शुरुआत में मैड्रिड स्पेन मास्टर्स 2023 के महिला एकल फाइनल में पहुंची थीं। एचएस प्रणय भी पुरुष एकल में आठवीं वरीयता प्राप्त हैं। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को छठी वरीयता दी गई है।

ड्रॉ के मुताबिक दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी पीवी सिंधु पहले दौर में चीनी ताइपे की वेन ची सू से भिड़ेंगी। मालविका बंसोड़ शीर्ष वरीय और पिछले साल फाइनल में जगह बनाने वाली जापान की अकाने यामागुची से भिड़ेंगी, जबकि आकर्षि कश्यप का सामना इंडोनेशिया की कोमांग आयू काह्या देवी से होगा।

पुरुष एकल के पहले दौर में दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी एचएस प्रणय का सामना म्यांमार के फोन प्यारे नाइंग से होगा। दुनिया के 24वें नंबर के लक्ष्य सेन का सामना सिंगापुर के सातवें वरीय लोह कीन यू से होगा। दुनिया के 23वें नंबर के किदांबी श्रीकांत पहले दौर में बहरीन के अदनान इब्राहिम से भिड़ेंगे।

पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, जिन्होंने स्विस ओपन का ताज हासिल किया, अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के तान कियान मेंग और तान वी किओंग के खिलाफ करेंगे।  एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला तथा कृष्ण प्रसाद गरगा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला भी पुरुष युगल में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

महिला युगल में गायत्री गोपीचंद और तृषा जॉली पहले दौर में इंडोनेशिया की लानी मायासारी और रिबिका सुगियार्तो से भिड़ेंगी।  उनके अलावा महिला युगल में अश्विनी भट और शिखा गौतम तथा हरिता मंझिल और आशना रॉय भी भारत की तरफ से चुनौती पेश करेंगी।

Tags:    

Similar News