इंडोनेशिया मास्टर्स: लय हासिल करने उतरेंगे भारतीय शटलर

Update: 2020-01-13 12:18 GMT

भारतीय शटलरों का मलेशिया मास्टर्स में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। पीवी सिंधु और साइना नेहवाल ने क्वार्टर फाइनल तक अपनी जगह बनाई थी जबकि पुरुषों में समीर वर्मा दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाये थे। वहीं किदांबी श्रीकांत और पी कश्यप अपने पहले दौर की चुनौती को पार नहीं कर सके थे। अब 14 जनवरी से जकार्ता में शुरू हो रहे इंडोनेशिया मास्टर्स में भारतीय शटलर अपनी खोई हुई लय हासिल करने उतरेंगे।

साइना नेहवाल

मलयेशिया मास्टर्स क्वॉर्टर फाइनल में सिंधु को ताई जु यिंग जबकि साइना को स्पेन की ओलिंपिक चैंपियन कैरोलिना मारिन से पराजय का सामना करना पड़ा था। पिछली प्रतियोगिता की असफलता को भूलकर पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधु जापान की आया ओहोरि के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेंगी। सिंधु ने पिछले सप्ताह ओहिरि पर आसान जीत दर्ज की थी। सानिया का सामना शुरुआती दौर में जापानी शटलर सायाका ताकाहाशी से होगा। दोनों भारतीय महिला खिलाड़ियों के अपने-अपने मुकाबले में जीतने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो दूसरे दौर में सिंधु और साइना आपस में भिड़ेंगे।

किदांबी श्रीकांत

मलयेशिया मास्टर्स में बुरा प्रदर्शन करने वाले किदांबी श्रीकांत इंडोनेशिया के शेसार हिरेन रहुस्तावितो के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे। विश्व चैंपिनशिप के कांस्य पदक विजेता बी साई प्रणीत के सामने पहले दौर में आठवीं वरीयता प्राप्त चीन के शी युकी की मुश्किल चुनौती होगी। वहीं पारुपल्ली कश्यप और एचएस प्रणय स्थानीय खिलाड़ियों क्रमश: एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग और जोनाथन क्रिस्टी के खिलाफ पहले दौर का मुकाबला खेलेंगे। समीर वर्मा को पहले दौर में अनुभवी टामी सुगियार्तो से मैच खेलना है।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी


पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दूसरी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के मोहम्मद अहसान और हेंद्रा सेतियावान के खिलाफ पहले दौर का मुकाबला खेलेंगे। वहीं अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की महिलाओं की जोड़ी के सामने जापान की नामी मात्सुयामा और चिहारू शिदा की जोड़ी की चुनौती होगी जबकि सात्विक और अश्विनी की मिश्रित युगल जोड़ी को आयरलैंड के सैम मागी और शलोइ मागी की जोड़ी के खिलाफ अभियान का आगाज करना होगा। प्रणव जैरी चोपड़ा और सिक्की की मिश्रित युगल जोड़ी पहले दौर में क्वालीफायर से भिड़ेगी।

Similar News