विश्व कप में भारतीय तीरंदाजों ने किया निराशाजनक प्रदर्शन

दीपिका कुमारी ने 72 निशाने के क्वालीफिकेशन दौर में 638 का निराशाजनक स्कोर बनाया

Update: 2022-06-23 11:39 GMT

दीपिका कुमारी 

भारतीय स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी बुधवार को 9 महीने बाद मैदान में उतरी। वें तीरंदाजी विश्व कप के तीसरे चरण में शिरकत करने उतरी। हालांकि उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 72 निशाने के क्वालीफिकेशन दौर में 638 का निराशाजनक स्कोर बनाया जिससे वह कोरिया की ली गाहयुन से 37 अंक पीछे रहे, जिन्होंने महिला रिकर्व वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। पहले दौर में वह इटली चिरारा रेबागलियाटी के सामने होंगी। जबकि दूसरे दौर में संभवत: कोरिया की चोई मिसुन से भिड़ना होगा जो रियो ओलंपिक 2016 की टीम स्वर्ण पदक विजेता हैं।

दीपिका की तुलना में अंकिता ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंकिता 644 अंक के साथ 31वें स्थान से भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ स्थान पर रहीं और उन्होंने 27वें स्थान पर काबिज तरूणदीप राय (670) के साथ मिश्रित युगल टीम बनायी। वही प्रवीण जाधव ने भी टोक्यो ओलंपिक के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वापसी की, वह 688 अंक से 30वें स्थान पर रहे जबकि अनुभवी जयंत तालुकदार (667) ने 32वां स्थान हासिल किया। इससे रिकर्व पुरूष टीम ने ड्रा में आठवीं वरीयता प्राप्त की। वहीं रिकर्व महिला टीम 13वें स्थान पर खिसक गयी।

विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता ज्योति सुरेखा वेनाम ने एक दिन पहले क्वालीफाइंग में दूसरे स्थान पर रहकर उम्मीदें जगायी थी। लेकिन ज्योति, प्रिया गुर्जर और मुस्कान किरार की महिला तिकड़ी को सेमीफाइनल में ब्रिटेन से 228-231 से हार का सामना करना पड़ा।

वही कांस्य पदक के लिये खेलते हुए टीम दो अंक की बढ़त गंवा बैठी और फ्रांस की सोफी डोडेरमोंट, लोला ग्रांजियां और सैंड्रा हर्व की तिकड़ी से 231-233 से हार गयी। भारतीय महिला टीम बाई मिलने से क्वार्टरफाइनल में पहुंची थी और टीम ने ब्राजील को 230-227 से हराया था। इसके बाद पुरूष टीम को भी निराशा हाथ लगी। जहां अभिषेक वर्मा, मोहन भारद्वाज और अमन सैनी की पुरूष टीम ने दक्षिण अफ्रीका पर 234-232 की जीत से शुरूआत की लेकिन तुर्की से महज एक अंक से 234-235 से हार गयी।

Tags:    

Similar News