Archery World Cup: प्रथमेश ने विश्व में नंबर एक खिलाड़ी को हराकर जीता स्वर्ण

भारत ने कुल तीन पदक - दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ शंघाई अभियान को समाप्त किया

Update: 2023-05-20 15:23 GMT

प्रथमेश जावकर

भारत के किशोर तीरंदाज प्रथमेश जावकर ने नीदरलैंड के विश्व में नंबर एक खिलाड़ी माइक श्लोएसर को उलटफेर का शिकार बनाकर शनिवार को तीरंदाजी विश्व कप में पुरुषों के कंपाउंड में व्यक्तिगत वर्ग का स्वर्ण पदक जीता। भारत ने तीन पदकों के साथ चीन के शंघाई में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2023 चरण  2 का समापन किया।

इससे पहले कोरिया के किम जोंघो और चोई योंगही को हराने वाले प्रथमेश ने चोटी के खिलाड़ियों को उलटफेर का शिकार बनाना जारी रखा तथा पुरुष कंपाउंड के व्यक्तिगत फाइनल में नीदरलैंड के खिलाड़ी को 149-148 से हराया। इस 19 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और दो बार के विश्व चैंपियन को हराने के लिए केवल एक अंक गंवाया।

यह अंक उन्होंने पहले चरण में गंवाया जिसमें दोनों तीरंदाज ने समान 29 अंक बनाए थे। दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में ही दोनों तीरंदाज सटीक निशाना लगाने में सफल रहे लेकिन पांचवें चरण में नीदरलैंड का 29 वर्षीय खिलाड़ी चूक गया जिससे भारतीय किशोर विश्व कप में अपना पहला स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा।

भारत ने गैर ओलंपिक स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीते। ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेनम की भारत की मिश्रित टीम जोड़ी नेअपना करिश्माई प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरियाई जोड़ी ओह योह्युन और किम जोंघो को 156-155 से हराकर विश्वकप में लगातार अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। भारत की इस जोड़ी ने अंताल्या में विश्व कप के पहले चरण में भी स्वर्ण पदक जीता था। 

अवनीत कौर ने भारत के लिए तीसरा पदक जीता। उन्होंने व्यक्तिगत महिला कंपाउंड में कांस्य पदक हासिल किया। 18 वर्षीय खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में ग्रेट ब्रिटेन की एला गिब्सन से हारने के बाद कांस्य पदक मैच में तुर्की के इपेक तोमरुक को 147-144 से हराया।

इस तरह भारत का अभियान शनिवार को समाप्त हो गया क्योंकि कोई भी रिकर्व तीरंदाज़ पदक राउंड में जगह नहीं बना पाया।

Tags:    

Similar News