तीरंदाजी विश्व कप: भारत की पुरुष कंपाउंड टीम ने जीता स्वर्ण पदक, टीम ने लगातार दूसरी बार लगाया स्वर्ण पर निशाना

इसके पहले तुर्की में 17 से 25 अप्रैल तक हुए विश्वकप -1 में भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने स्वर्ण पदक जीता था

Update: 2022-05-21 09:15 GMT

रजत चौहान, अमन सैनी और अभिषेक वर्मा 

साउथ कोरिया मे आयोजित तीरंदाज़ी के विश्व कप-2 में शनिवार का दिन भारतीय तीरंदाजों के नाम रहा। जहाँ विश्व कप मे शानिवार को भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने फाइनल में फ्रांस को एक अंक से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय पुरुष टीम का विश्व कप मे यह लगातार दूसरा स्वर्ण पदक हैं। इसके पहले तुर्की में 17 से 25 अप्रैल तक हुए विश्वकप -1 में भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। वही इसके अलावा कंपाउंड में मिक्स्ड टीम ने कांस्य पदक जीता।

शानिवार को विश्व कप के पुरुष कंपाउंड टीम भारत का सामना फ्रांस से हुआ। जहाँ भारत की ओर से अभिषेक वर्मा, रजत चौहान और अमन सैनी मैदान में उतरे। फाइनल के पहले सेट में अपने फ्रांसीसी प्रतिद्वंद्वियों जीन फिलिप बौल्च, क्वेंटिन बरार और एड्रियन गोंटियर से 56-57 से पिछड़ गयी। फ्रांसीसी टीम ने इसके बाद भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा तथा भारतीय टीम एक समय 113-116 से तीन अंक से पिछड़ रही थी।

लेकिन भारतीयों ने इसके बाद शानदार वापसी की और तीसरा सेट 60-58 के अंतर से जीतकर कुल स्कोर को 173-174 कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और चौथे सेट में 59 का स्कोर बनाया जबकि फ्रांसीसी टीम दबाव में 57 अंक ही बना पायी। इस तरह से भारत ने एक अंक की बढ़त हासिल की और विश्व कप मे लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता। भारत की फ्रांस पर यह लगातार तीसरी जीत हैं।

वही इसके अलावा विश्व कप में अभिषेक और अवनीत कौर ने मिश्रित युगल में तुर्की को 156-155 के स्कोर से हराकर कांस्य पदक जीता। अभिषेक का यह 48वां अंतर्राष्ट्रीय पदक है। भारत के अब टूर्नामेंट में कुल 4 पदक हो गए हैं। इनमें 1 स्वर्ण और तीन कांस्य पदक हैं। इसके अलावा रविवार को पूरे भारत की निगाहें तरुणदीप राय और ऋद्धि फोर की 'रिकर्व' मिश्रित युगल जोड़ी पर होगी।जो रविवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में उतरेगी।

Tags:    

Similar News