Commonwealth Games 2022: पिछली बार की तरह इस बार भी भारतीय टेबल टेनिस टीम से लोगों को पदक की उम्मीद

2018 के खेलों में टीम ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था।

Update: 2022-07-25 17:45 GMT

भारतीय टेबल टेनिस टीम

राष्ट्रमंडल खेलों 2022 के लिए भारतीय टेबल टेनिस टीम से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। पिछली बार गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन कर सभी की वाह वाही लूटी थी। 2018 के खेलों में टीम ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था। जिस वजह से इस बार भी टेबल टेनिस से उम्मीदें बरकरार हैं।

खास बात है कि इन पदकों में दो स्वर्ण सहित आधे पदक मनिका बत्रा ने जीते थे।

27 वर्षीय खिलाड़ी मनिका ने सिंगापुर की ओलंपिक पदक विजेता फेंग तियानवेइ को एक बार नहीं, बल्कि दो बार हराकर भारत को व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक दिलाया था।

इस बार भारतीय महिला टीम थोड़ा बदली हुई नजर आएगी।विश्व में 41वीं रैंकिंग की मनिका के साथ श्रीजा अकुला, रीत ऋष्य और दिया चिताले भारतीय चुनौती पेश करेंगी।

वहीं अपने पांचवें और आखिरी राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे भारत के सर्वश्रेष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल, सदाबहार जी साथियान, हरमीत देसाई और सानिल शेट्टी भारतीय पुरुष टीम की चुनौती पेश करेंगे।

2006 मे एकल स्पर्धा में आखिरी बार मेलबर्न में स्वर्ण पदक जीतने वाले 40 वर्षीय शरत ने कहा,"इंग्लैंड की टीम नाइजीरिया की तुलना में थोड़ा मजबूत है. हमारा लक्ष्य निश्चित तौर पर व्यक्तिगत के अलावा टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतना है।"

2022 राष्ट्रमंडल खेलों का मामला अदालत तक पहुंच गया था।जिस कारण इस बार भारतीय टेबल टेनिस टीम का गठन करना आसान नहीं रहा, क्योंकि तीन खिलाड़ियों ने चयन नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटा दिया था। इनमें से केवल चिताले को ही फायदा हुआ, जिन्हें अर्चना कामत की जगह टीम में लिया गया। कामत खेलों में मनिका के साथ युगल जोड़ी बना सकती थी। बता दे चार सदस्यीय पुरुष दल में वही खिलाड़ी शामिल है, जिन्होंने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया था।

भारत को पुरुष टीम स्पर्धा में इंग्लैंड और नाईजीरिया के बाद तीसरी वरीयता मिली है। गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल खेलों से पहले भारतीय खिलाड़ियों ने पुर्तगाल में अभ्यास किया और उसके बाद हंगरी में प्रतियोगिता में भाग लिया।

देखना दिलचस्प होगा कि इस बार के खेलों में भारतीय टेनिस टीम लोगों की उम्मीदें पर कितना खरा उतरेगी। हालाकि भारतीयों के पास सभी स्पर्धाओं में पदक जीतने के मौके रहेंगे। शरत और मनिका के अलावा साथियान भी पुरुष युगल और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक के दावेदार माने जा रहें हैं।

भारतीय टीम इस प्रकार है

पुरुष: शरत कमल, जी साथियान, हरमीत देसाई, सानिल शेट्टी

महिला: मनिका बत्रा, रीत ऋष्य, श्रीजा अकुला, दीया चिताले

Tags:    

Similar News