महिला हॉकी विश्व कप: जापान को शिकस्त देकर भारत ने हासिल किया 9वां स्थान

नवनीत ने मैच में 30वें और 45वें मिनट में गोल दागे जबकि दीप ग्रेस इक्का ने 38वें मिनट में गोल किया

Update: 2022-07-14 08:52 GMT

भारत बनाम जापान 

स्पेन और नीदरलैंड में चल रहे एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2022 में भले ही भारतीय महिला हॉकी टीम का सफर पदक की दौर से पहले ही खत्म हो गया। लेकिन खिलाड़ियों ने अपने अभियान का समापन शानदार तरीके से किया। दरअसल, बुधवार को जापान के साथ खेल गए मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को 3-1 से हराकर विश्व कप में नौवां स्थान हासिल किया।

नवनीत ने स्पेन के टेरेसा में खेले गए मैच में 30वें और 45वें मिनट में गोल दागे जबकि दीप ग्रेस इक्का ने 38वें मिनट में गोल किया। जापान के लिए एकमात्र गोल यू असाइ ने 20वें मिनट में दागा।

पहले क्वार्टर के पहले पांच मिनट में दोनों टीमों ने बराबर हमले बोले लेकिन गोल नहीं कर सकी। भारत को बढत बनाने का मौका जल्दी ही मिला लेकिन वंदना कटारिया के शॉट को जापानी गोलकीपर एइका नकामूरा ने बचा लिया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों को कामयाबी नहीं मिली।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में अच्छी शुरुआत की और दो मिनट के भीतर दो मौके बनाए लेकिन गोल नहीं हो सका। जापान ने 20वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर असाइ के गोल के दम पर बढ़त बनाई। भारत ने जवाबी हमले में पेनल्टी कॉर्नर बनाए लेकिन गोल नहीं हुआ। नवनीत ने हाफ टाइम से ठीक पहले बराबरी का गोल दागा।

दूसरे हाफ में भारत ने काफी आक्रामक शुरुआत की और छठा पेनल्टी कॉर्नर बनाया लेकिन एक बार फिर मौका गंवा दिया। हालांकि इक्का ने भारत को मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढत दिलाई। तीसरे क्वार्टर में नवनीत ने दूसरा गोल दागा। चौथे क्वार्टर में जापान ने वापसी की काफी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।

अभियान के अपने पहले चार मैचों में हार के कारण भारत की क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने की उम्मीदें धूमिल हो गईं थी। हालांकि, कनाडा के खिलाफ शूटआउट से जीत और जापान के खिलाफ मिली सफलता के कारण भारतीय हॉकी टीम ने अपने विश्व कप अभियान को सकारात्मक रूप से समाप्त किया।

Tags:    

Similar News