Men's Junior Asia Cup: दक्षिण कोरिया को रौंद कर भारत फाइनल में

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के लिए बॉबी सिंह धामी ने हैट्रिक बनाई

Update: 2023-06-01 05:32 GMT

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को ओमान के सलालाह में पहले सेमीफाइनल में कोरिया को 9-1 से हराकर पुरुष जूनियर एशिया कप 2023 के फाइनल में प्रवेश किया।

धामी बोबी सिंह ने हैट्रिक गोल कर भारत के जीत के अंतर को बढ़ाया। वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गये। धामी ने 31वें, 39वें और 55वें मिनट में गोल किया तो वहीं लाकरा सुनीत ने 13वें मिनट में भारत का खाता खोला।

मैच के 19वें मिनट में हुंदल अरिजीत सिंह ने बढ़त को दोगुना कर दिया। अंगद वीर सिंह और उत्तम सिंह ने क्रमश: 34वें और 38वें मिनट में गोल किया जिससे भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर के बाद अपनी बढ़त को 6-0 कर ली।

कोरियाई टीम ने हालांकि आखिरी क्वार्टर में बेहतर खेल दिखाया। टीम के लिए इकलौता गोल केओनयोल ह्वांग ने 46वें मिनट में किया।

विष्णुकांत सिंह ने 51वें मिनट में भारत की बढ़त को 7-1 कर दिया। इसके दो मिनट बाद धामी ने अपनी हैट्रिक पूरी की और फिर शारदा नंद तिवारी के गोल ने टीम की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी।

पुरुष जूनियर एशिया कप की तीन बार की विजेता भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम की निगाहें चौथे खिताब पर होंगी और वह फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगी। फाइनल 1 जून के लिए निर्धारित है।

Tags:    

Similar News