राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के बीच पूर्व भारतीय हाॅकी खिलाड़ी ने ठोका बड़ा दावा, कहा - यह टीम स्वर्ण पदक का सूखा खत्म करेगी

28 जुलाई से बर्मिंघम में शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेल

Update: 2022-06-27 15:23 GMT

संदीप सिंह

28 जुलाई से शुरू होने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की सभी खेलों की टीमों ने तैयारियां शुरू कर दी है। राष्ट्रमंडल खेलों के कई स्पर्धाओं में देश को पदक जीतने की उम्मीद है। इनमें से ही एक हाॅकी भी है। जिसमें भारत को पदक लाने की उम्मीद है। इसी संबंध में भारतीय हाॅकी टीम को लेकर पूर्व भारतीय हाॅकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने बड़ा बयान दिया है और उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम में कई पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञों के उभरने से आने वाले अहम टूर्नामेंटों में भारतीय टीम बेहतर स्थिति में है। 

संदीप ने 'इंडियन स्पोर्ट्स फैन अवार्ड 2022' के कार्यक्रम में कहा, 'भारतीय हॉकी ने काफी विकास किया है. टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत कर टीम ने पुरानी साख को फिर से हासिल किया. अगर आप मुझसे पूछे तो मैं मानता हूं कि हम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीत सकते है।' आगे उन्होंने कहा कि मनप्रीत की कप्तानी वाली मौजूदा टीम के पास बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म करने का माद्दा है। कुआलालंपुर (1998) राष्ट्रमंडल खेलों में हॉकी को शामिल करने के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने सभी 6 स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों और 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतना है। 

ड्रैग फ्लिक के महारथी माने जाने वाले पूर्व कप्तान संदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय टीम में पेनल्टी कॉर्नर के कई विशेषज्ञों के उभरने से आने वाले अहम टूर्नामेंटों में भारतीय टीम बेहतर स्थिति में है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल में भारतीय टीम में हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार और अमित रोहिदास जैसे बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हैं। वहीं संजय, अरिजीत सिंह हुंदल और सुदीप चिरमाको जैसे जूनियर प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में जगह मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News