रानी रामपाल के नाम पर रायबरेली में बना स्टेडियम, यह सम्मान पाने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी

रानी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस स्टेडियम से जुड़ी तस्वीरें साझा की हैं

Update: 2023-03-21 07:44 GMT

भारतीय हॉकी स्टार रानी रामपाल के नाम पर रायबरेली में स्टेडियम बनाया गया है और यह सम्मान पाने वाली वह पहली महिला खिलाड़ी बन गई। एमसीएफ रायबरेली का नाम अब ‘रानीस गर्ल्स हॉकी टर्फ' रखा गया है। रानी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस स्टेडियम से जुड़ी तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में रानी खिलाड़ियों के साथ बातचीत करती नजर आ रही हैं और अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ स्टेडियम का उद्घाटन कर रही हैं।.

रानी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा - मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि एमसीएफ रायबरेली ने हॉकी में मेरे योगदान का सम्मान करने के लिए हॉकी स्टेडियम का नाम बदलकर 'रानी गर्ल्स हॉकी टर्फ' कर दिया है। खुशी और आभार व्यक्त करने के लिए शब्द बहुत कम हैं।

उन्हने आगे  कहा - मेरे लिये यह भावुक और गर्व करने वाला पल है. अपने नाम पर हॉकी स्टेडियम वाली मैं पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हूं. मैं इसे भारतीय महिला हॉकी टीम को समर्पित करती हूं और उम्मीद करती हूं कि यह अगली पीढी को प्रेरित करेगा

रानी ने एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग 2021-22 में बेल्जियम के खिलाफ खेलने के बाद इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के दौरे के दौरान भारतीय टीम में वापसी की थी। हॉकी प्रो लीग 2021-22 में रानी ने 250वीं कैप हासिल की थी। 28 वर्षीय रानी टोक्यो ओलंपिक के बाद से चोट से जूझ रही थीं और बाद में उन्हें विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों 2022 की टीम से बाहर कर दिया गया था। अब वह फिर से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में वापसी कर रही हैं। रानी को 22 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया।

Tags:    

Similar News