महिला हॉकी विश्वकप में पोडियम स्थान हासिल कर सकता है भारत - सविता पूनिया

विश्वकप में भारत को पूल बी में इंग्लैंड, चीन और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया है

Update: 2022-06-25 09:57 GMT

 सविता पूनिया

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया ने जुलाई में होने वाले हॉकी विश्वकप को लेकर बड़ी बात कही है। एफआईएच के इस शीर्ष टूर्नामेंट की मेजबानी नीदरलैंड और स्पेन संयुक्त रूप से कर रहे हैं ।

सविता को उम्मीद है की 1 से 17 जुलाई तक नीदरलैंड और स्पेन में होने वाले महिला हॉकी विश्वकप में भारत मेडल जीत सकता हैं। हॉकी टीम की कमान संभाल रही पूनिया का कहना है कि राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम में प्रेरणा और आत्मविश्वास की कोई कमी नहीं है, उनकी निगाहें आगामी विश्व कप में ऐतिहासिक पोडियम स्थान हासिल करने पर लगी हैं।

उन्होने आगे यह भी कहा कि पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही थी। इससे टीम का विश्वास बढ़ा है जिससे भारत विश्वकप में पोडियम पर खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक के बाद हम अपने प्रदर्शन को आगे लेकर आए हैं। एफआईएच प्रो लीग में भारत ने अर्जेंटीना और नीदरलैंड को कड़ी टक्कर दी। इस लीग में तीसरे स्थान पर रहने से विश्वकप से पहले भारतीय टीम का हौसला और बढ़ा हैं।

गोलकीपर सविता के मुताबिक, "हम विश्व कप में खेलने के लिए काफी उत्साहित हैं, हम बस एक इकाई के तौर पर खेलना चाहते हैं। हमारे लिये ओलंपिक एक शानदार अनुभव था। हमने वहां से काफी कुछ सीखा और हमारा मानना है कि हमें एकजुट होकर खेलना होगा और कड़ी चुनौती देनी होगी।"

बता दें विश्वकप में भारत को पूल बी में इंग्लैंड, चीन और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया है। पहला मैच 3 जुलाई को एमस्टलवीन में इंग्लैंड के साथ होगा।

साल 1974 के विश्वकप में भारतीय महिला हॉकी टीम चौथे नंबर पर रही थी, यह उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। जबकि 2018 में भारत आठवें स्थान पर रहा था।

Tags:    

Similar News