भारतीय महिला हॉकी टीम ने तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 1-1 की बराबरी पर रोका

कप्तान सविता और डिफेंडर निक्की प्रधान ने रविवार को देश के लिए क्रमश: 250 और 150 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल की

Update: 2023-05-22 07:17 GMT

दीप ग्रेस एक्का के गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम तीन मैचों की श्रृंखला के आखिरी मुकाबले में रविवार को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया से पिछड़ने के बाद मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म करने में सफल रही। भारत ने पहले ही श्रृंखला को 0-2 से गंवा दिया था। 

मेट स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में मैडिसन ब्रूक्स (26वां मिनट) ने दूसरे क्वार्टर में गोल करके ऑस्ट्रेलिया का खाता खोला, लेकिन दीप ग्रेस एक्का (42वां मिनट) ने तीसरे क्वार्टर में गोल दागकर भारत के लिये स्कोर बराबर कर दिया। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता और अनुभवी डिफेंडर निक्की प्रधान ने रविवार को एडिलेड में देश के लिए क्रमश: 250 और 150 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल की।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत वहीं से की जहां दूसरा टेस्ट समाप्त हुआ था। भारतीय फॉरवर्ड पंक्ति शुरुआती क्वार्टर में गोल करने की नाकाम कोशिश करती रही। क्वार्टर समाप्त होने से पहले जब भी गेंद ऑस्ट्रेलिया के कब्जे में गयी, भारतीय खिलाड़ी उसे वापस लाने में सफल रहे।

भारत हालांकि पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर सका और दूसरे क्वार्टर में भी उसने कई पेनल्टी कॉर्नर गंवाये। ऑस्ट्रेलिया ने भी दूसरे क्वार्टर में कुछ गलतियां कीं लेकिन ब्रूक्स ने फ्री हिट पर गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी। भारत को हाफ टाइम से पहले दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन दोनों ही बार वह स्कोर नहीं कर सका।

दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर फॉरवर्ड पंक्ति के लचर प्रदर्शन के कारण भारत के खिलाफ गोल हो सकता था, लेकिन अपना 250वां मैच खेल रहीं कप्तान सविता पूनिया ने शानदार डिफेंस से ऑस्ट्रेलिया को रोक लिया।मेहमान टीम को अपने पहले गोल के लिये तीसरे क्वार्टर के अंतिम हिस्से का इंतजार करना पड़ा। कई पेनल्टी कॉर्नर चूकने के बाद एक्का ने 42वें मिनट में मिली पेनल्टी पर गेंद को गोली की रफ्तार से नेट में दागकर भारत का खाता खोला।

चौथे क्वार्टर में भारत ने गेंद पर सटीक नियंत्रण का प्रदर्शन किया लेकिन भारतीय महिलाएं इस नियंत्रण को गोल में नहीं बदल सकीं और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

भारतीय टीम अब गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेलेगी।

Tags:    

Similar News