FIH Nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम स्पेन को हराकर बनी चैंपियन

ड्रैग-फ्लिकर गुरजीत कौर ने भारत की जीत में स्कोर

Update: 2022-12-17 18:28 GMT

भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को वालेंसिया में एफआईएच महिला नेशंस कप 2022 के फाइनल में स्पेन को 1-0 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय महिला टीम टूर्नामेंट के दौरान अपराजित रही और इस प्रतियोगिता को जीतकर उन्होंने एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग 2023-24 के लिए जगह बना ली है। 

फाइनल में भारत के लिए एकमात्र गोल गुरजीत कौर (6') ने किया। 

सविता पुनिया की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम ने फाइनल मुक़ाबले की जबरदस्त शुरुआत की। खेल के छठे मिनट में ही गुरजीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर खिताबी मुक़ाबले में टीम का खाता खोला।

खेल के दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा और मैच के 18वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। हालांकि इस बार गुरजीत इस मौके को भुनाने में असफल रहीं। इसके बाद खेल के 22वें मिनट में स्पेन की टीम ने पलटवार करते हुए पेनल्टी कॉर्नर जीता लेकिन भारत की मजबूत डिफ़ेंस ने उनके मौके को नाकाम कर दिया।

दूसरे हाफ़ की शुरुआत में स्पेन ने आक्रामक खेल पेश किया लेकिन भारतीय महिलाओं के सामने वह ज्यादा देर तक अपने इस शैली को बरकरार नहीं रख सके। खेल के 32वें मिनट में टीम इंडिया ने एक और पेनल्टी हासिल किया। लेकिन इस बार स्पेन की गोलकीपर ने गुरजीत के ड्रैग फ़्लिक को नाकाम कर दिया।

दोनों टीमें इस मैच को जीत कर इतिहास का पात्र बनना चाहती थीं।

खेल के अंतिम क्वार्टर में स्पेन ने खेल में वापसी करने का जरूर प्रयास किया लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उनकी इस इच्छा को पूरा नहीं होने दिया और खेल का चौथा और आखिरी क्वार्टर गोलरहित रहा। इसी के साथ भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

हॉकी इंडिया नेएफआईएच महिला नेशंस कप 2022 जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 2 लाख रुपये और प्रत्येक सहयोगी स्टाफ के लिए 1 लाख रुपये देने की भी घोषणा की है।

Tags:    

Similar News