भारत पुरूष हॉकी विश्व कप में पदक का मजबूत दावेदार: वीआर रघुनाथ

भारत ने 41 साल का इंतजार खत्म करते हुए पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था

Update: 2022-11-18 08:00 GMT

वीआर रघुनाथ

पूर्व खिलाड़ी वीआर रघुनाथ को लगता है कि 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर और राउरकेला में होने वाले आगामी एफआईएच पुरूष हॉकी विश्व कप में मेजबान भारत पोडियम स्थान हासिल करने का प्रबल दावेदार है।

एफआईएच पुरूष विश्व कप 2023 में पदक का दावेदार है भारत

हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रह चुके रघुनाथ ने कहा, ''हम निश्चित रूप से एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरूष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला में पदक के दावेदार हैं। हमें घरेलू मैदान और घरेलू प्रशंसकों का लाभ मिलेगा और हमें निश्चित रूप से इसका फायदा उठाना चाहिए।''

41 साल के बाद टोक्यो में भारत जीता था कांस्य पदक

भारत ने 41 साल का इंतजार खत्म करते हुए पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था और पूर्व ड्रैग फ्लिकर ने कहा कि इस टूर्नामेंट में पोडियम स्थान देश में खेल के लिये यादगार लम्हा होगा। भारत ने अभी तक विश्व कप में तीन पदक जीते हैं जिसमें देश 1971 में शुरूआती चरण में तीसरे स्थान पर रहा था जिसके बाद टीम ने 1973 में रजत पदक और 1975 कुआलालम्पुर में स्वर्ण पदक जीता था।

विश्व  कप जीतना शानदार होगा: रघुनाथ

रघुनाथ ने कहा, ''हाल में हमें टोक्यो ओलंपिक में भी पदक मिला और इस टूर्नामेंट (विश्व कप) में पदक जीतना भी शानदार होगा। अगर वे ऐसा कर सकते हैं तो खिलाड़ियों के लिये वास्तव में यह यादगार लम्हा होगा।'' भारत के अलावा रघुनाथ विश्व खिताब के लिये आस्ट्रेलिया और मौजूदा चैम्पियन बेल्जियम को भी दावेदार मानते हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि बेल्जियम और आस्ट्रेलिया दो टीमें होंगी जिन्हें हराना बहुत मुश्किल होगा।''

Tags:    

Similar News