Hockey World Cup: भारत ने स्पेन को हराकर शुरू किया विश्व कप अभियान

टीम इंडिया के लिए अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने दो बेहतरीन गोल किए

Update: 2023-01-13 15:43 GMT

ओडिशा में चल रहे हॉकी विश्व कप में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। उसने स्पेन को पहले मैच में 2-0 से हरा दिया। अमित रोहिदास (12वां) और हार्दिक सिंह (26वां मिनट) ने मेजबान टीम के लिये गोल करके जीत में योगदान दिया।। भारत का दूसरा मैच में अब 15 जनवरी (रविवार) को मजबूत इंग्लैंड के खिलाफ होगा। इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में वेल्स को 5-0 से हराया था।

 पूल डी में टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही दूसरा पायदान हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने इससे पहले वेल्स को 5-0 से हराया था। वह बेहतर गोल अंतर के कारण पहले स्थान पर है। टीम इंडिया के लिए अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने दो बेहतरीन गोल किए। अमित रोहिदास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

करीब 21,000 हॉकी प्रेमियों से खचाखच भरे दुनिया के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम में भारत को सहज होने में थोड़ा समय लगा। भारत ने मैच में शुरुआत धीमी की थी। शुरुआती पांच मिनटों तक स्पेन ने टीम इंडिया को काफी छकाया, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा भारत ने मैच में पकड़ बनानी शुरू कर दी। इसका फायदा 11वें मिनट में टीम इंडिया को मिली। भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन उस पर गोल नहीं आ सका। अगले ही मिनट में दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर अमित रोहिदास ने शानदार गोल कर टीम इंडिया को 1-0 से आगे कर दिया।

भारत ने 26वें मिनट में दूसरा गोल किया। हार्दिक सिंह ने चार खिलाड़ियों को छकाते हुए जबरदस्त गोल किया। उनका यह गोल लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस विश्व कप में भारत का यह पहला फील्ड गोल है। हार्दिक स्पेन के सर्कल में गेंद को लेकर आगे बढ़ रहे थे। वह गोलपोस्ट के करीब खड़े ललित उपाध्याय को गेंद देना चाहते थे, लेकिन स्पेन के डिफेंडर से लगकर गेंद गोलपोस्ट में चली गई। हार्दिक ने टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिला दी।

भारत को तीसरे क्वार्टर में भी दो पेनल्टी मिलीं, हालांकि हरमनप्रीत उनपर स्कोर नहीं कर सके। चौथे क्वार्टर के दूसरे मिनट में अभिषेक को येलो कार्ड दिखाकर 10 मिनट के लिये बाहर कर दिया। स्पेन ने भारतीय खेमे में एक खिलाड़ी कम पाकर मेजबान टीम पर दबाव बनाना शुरू किया और 53वें मिनट में उन्हें पेनल्टी कॉर्नर भी मिला। पॉल क्युनिल ने गोलपोस्ट पर निशाना साधा लेकिन पाठक ने उन्हें एक बार फिर स्पेन को खाता खोलने की अनुमति नहीं दी। अभिषेक के फील्ड पर आने के बाद मैच के आखिरी मिनटों में स्पेन को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला मगर उनका तीसरा प्रयास भी असफल रहा। इस तरह भारत ने 2-0 से आखिरकार मैच अपने नाम कर लिया।

दोनों टीमें इस प्रकार थी-

भारत: पीआर श्रीजेश, कृष्णा पाठक, जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास (उपकप्तान), नीलम संजीप सेस, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, सुखजीत सिंह।

स्पेन: एंड्रियास रफी, एलेजांद्रो अलोंसो, सीजर क्यूरील, ज़ावी गिस्पर्ट, बोर्जा लाकाले, अलवारो इग्लेसियस, इग्नासियो रोड्रिग्ज, एनरिक गोंजालेज, जेरार्ड क्लैप्स, एंड्रियास रफी, जोर्डी बोनास्त्रे, जोकिन मेनिनी, मारियो गारिन (जीके), मार्क रेने, मार्क मिरालेस (कप्तान) , पेपे कुनील, मार्क रिकसेन्स, पाउ कुनील, मार्क विजकैनो।

Tags:    

Similar News