Hockey World Cup: जीत के साथ खत्म हुआ भारत का अभियान, दक्षिण अफ्रीका को हराकर संयुक्त नौंवे स्थान पर रहा

दुनिया की छठे नंबर की टीम ने मैच में छह पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये और एक में गोल दागा।

Update: 2023-01-29 04:38 GMT

 राउरकेला में, एफआईएच पुरुष हॉकी विश्‍व कप में 9वें से 12वें स्‍थान के क्लासिफिकेशन मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से हरा दिया। भारत की ओर से सुखजीत सिंह, आकाशदीप सिंह, शमशेर सिंह और अभिषेक ने एक-एक फील्ड गोल किया। जबकि हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाया। इस मुकाबले के लिए अभिषेक को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ ही भारत, अर्जेंटीना के साथ संयुक्‍त रूप से नौंवे स्‍थान पर रहा।

दुनिया की छठे नंबर की टीम ने मैच में छह पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये और एक में गोल दागा। वहीं 14वीं रैंकिंग पर काबिज दक्षिण अफ्रीका ने तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये लेकिन एक को भी नहीं भुना सकी। भारत ने सर्कल में 31 बार सेंध लगायी जबकि दक्षिण अफ्रीका ने ऐसा 22 बार किया। घरेलू टीम ने गेंद पर 60 प्रतिशत दबदबा रखा और गोल में 14 शॉट लगाये जबकि दक्षिण अफ्रीका ने नौ बार ऐसा किया।

टीम इंडिया ने इस मुकाबले के पहले ही क्वार्टर से दबाव बनाना शुरू कर दिया था। भारत के लिए पहला गोल अभिषेक ने चौथे मिनट में किया। इसके बाद 11वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से एक गोल कर दिया। इस तरह भारत ने पहला क्वार्टर खत्म होने तक बढ़त बरकरार रखी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हुआ। हालांकि इस दौरान दोनों ही टीमों ने गोल के लिए प्रयास जारी रखा।

टीम इंडिया के लिए तीसरे क्वार्टर में शमशेर सिंह एक गोल कर दिया। वहीं चौथे क्वार्टर में भारत के लिए आकाशदीप और सुखजीत सिंह ने एक-एक फील्ड गोल कर दिए। इस तरह टीम इंडिया ने कुल पांच गोल किए। वहीं दक्षिण अफ्रीका की ओर से पहला 48वें मिनट में और दूसरा गोल 59वें मिनट में गोल हुआ। भारत ने उसे 5-2 से हरा दिया। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही टॉप 10 में जगह पक्की कर ली है। भारत ने इससे पहले जापान को बुरी तरह रौंदा था। भारत ने 8-0 से जीत दर्ज की थी।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ''हमने नहीं सोचा था कि हम इस स्थान पर रहेंगे (संयुक्त नौवें स्थान पर)। लेकिन हमने इस विश्व कप एक भी मैच नहीं गंवाया (न्यूजीलैंड से 3-3 की बराबरी के बाद शूटआउट में हारे)। न्यूजीलैंड को छोड़कर हमने अच्छा खेल दिखाया।'' उन्होंने कहा, ''हम न्यूजीलैंड के खिलाफ उन दो क्वार्टर में बेहतर कर सकते थे। हमने गोल करने के मौके बनाये और अच्छा डिफेंड भी किया।''

इस मैच से पहले दिन के अन्य मुकाबलों में अर्जेंटीना ने वेल्स को 6-0 से हराकर भारत के साथ संयुक्त नौंवा स्थान हासिल किया। मलेशिया ने जापान को 3-2 से हराया जिससे वह फ्रांस के साथ संयुक्त 13वें स्थान पर रही। फ्रांस ने चिली पर 4-2 से जीत हासिल की। वेल्स और दक्षिण अफ्रीका संयुक्त 11वें स्थान पर रहे जबकि जापान और चिली ने अंतिम (संयुक्त 15वां) स्थान हासिल किया। भारत 1998 और 2014 में भी नौंवे स्थान पर रहा था। टीम 1990 और 2002 में 10वें, 2006 में 11वें और 1986 में 12वें स्थान पर रही थी।

Tags:    

Similar News