हॉकी विश्व कप के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा, हरमनप्रीत के हाथों में सौंपी गई टीम की कमान

उपकप्तान का पद डिफेंडर अमित रोहिदास को दिया गया हैं।

Update: 2022-12-23 09:16 GMT

एफआईएच हॉकी विश्व कप का आगाज जल्द ही होने वाला है। भुवनेश्वर और राउरकेला में 13 से 29 जनवरी के बीच होने वाले पुरुष विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया हैं। शुक्रवार को 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई, जिसकी कप्तानी की जिम्मेदारी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई। हरमनप्रीत मनप्रीत की जगह टीम को संभालेंगे। वहीं उपकप्तान का पद डिफेंडर अमित रोहिदास को दिया गया हैं।

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के साथ हुई 5 मैचों की सीरीज में भी हरमनप्रीत ने कप्तान की भूमिका निभाई थी, जहां भारतीय टीम को को 1-4 से हार मिली थी। विश्व कप में भारत का पहला मुकाबला राउरकेला के नवनिर्मित बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में स्पेन के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम पूल-डी में इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगी। इंग्लैंड से मुकाबला होने के बाद भारतीय टीम भुवनेश्वर में वेल्स के खिलाफ अपना तीसरा मैच खेलेगी। वहीं नॉकआउट मैच 22 जनवरी से शुरू होंगे। 22 और 23 जनवरी को क्रॉसओवर मैच खेले जाएंगे। 25 जनवरी को क्वार्टर फाइनल और 27 जनवरी को सेमीफाइनल होगा। फाइनल और कांस्य पदक मैच 29 जनवरी को आयोजित होगा।

बता दें विश्व कप टीम का चयन बेंगलुरु के साई सेंटर में दो दिवसीय ट्रायल के बाद किया गया। ट्रायल में 33 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। टोक्यो ओलंपिक में खेलने वाले गुरजंत सिंह और दिलप्रीत सिंह मुख्य टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन दोनों विश्व कप टीम के साथ स्टैंडबाय के रूप में रहेंगे।

हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम:

गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक और पीआर श्रीजेश।

डिफेंडर्स: जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास (उपकप्तान), नीलम संजीप।

मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांता शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह।

फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक और सुखजीत सिंह।

वैकल्पिक खिलाड़ी: राजकुमार पाल और जुगराज सिंह

Tags:    

Similar News