दिलीप तिर्की ने नवीन पटनायक को सौंपा हॉकी विश्व कप का पहला टिकट

ओडिशा दूसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है

Update: 2022-11-23 13:42 GMT

दिलीप तिर्की और नवीन पटनायक

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने जनवरी 2023 में होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप भुवनेश्वर-राउरकेला का पहला टिकट बुधवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सुपुर्द किया। तिर्की ने ट्वीट किया, "माननीय मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक ने राउरकेला और भुवनेश्वर में होने वाले एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023  का पहला टिकट खरीदा। ओडिशा के मुख्यमंत्री को टिकट देकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"

ओडिशा दूसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2018 का आयोजन भी भुवनेश्वर में हुआ था।

श्री पटनायक ने तिर्की  के साथ तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, "हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की  से ओडिशा हॉकी विश्व कप का पहला टिकट पाकर खुशी हुई। आशा है कि दुनिया भर के प्रशंसक ओडिशा में एक और हॉकी महाकुंभ देखने के लिए तैयार हैं। कार्रवाई में हमारी टीम को खुश करने के लिए आप सभी से जुड़ने के लिए तत्पर हैं।"

 हॉकी विश्व कप 2023 का आयोजन अगले साल 13 जनवरी से ओडिशा में भुवनेश्वर-राउरकेला में शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट 29 को खत्म होगा। पहले दिन शाम 5 बजे इंग्लैंड और वेल्स के बीच मैच खेला जाएगा। भारत और स्पेन की भिड़ंत इसी दिन शाम 7 बजे होगी।

हॉकी विश्व कप 2023 के लिए ड्रा तय हो गए हैं। भारतीय टीम को पूल डी में तीन युरोपियन टीम इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स के साथ रखा गया है। ग्रुप में श्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीम भारत ही है लेकिन मेजवान होने के बावजूद क्वार्टर फाइनल मैच में जगह बनाना उसके लिए आसान नहीं होगा। बड़े टूर्नामेंट की बात करें तो भारत के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा ज्यादा भारी है। हाल ही में दोनों टीमें राष्ट्रमंडल खेलों  में भिड़ी थी जहां मैच 4-4 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिसमें मेजबान टीम ने अंतिम कुछ मिनटों में दो गोल दागे थे।

पूल ए में आस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। पूल बी में विश्व और ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम, यूरोपीय पावरहाउस जर्मनी, दक्षिण कोरिया और एशियाई खेलों का विजेता जापान हैं, जबकि पूल सी में विश्व नंबर 3 नीदरलैंड्स न्यूजीलैंड, मलेशिया और चिली के साथ मुकाबला करेगा।

Tags:    

Similar News