सुंदरगढ़ में बनेगा देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम, 20 हज़ार होगी दर्शक क्षमता

इस स्टेडियम का नाम बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रखा गया है और यह स्टेडियम अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा

Update: 2022-05-12 12:17 GMT

 बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम

भारतीय हॉकी में ओडिशा ने हमेशा अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है फिर चाहे वो खिलाड़ियों के रूप में हो या ग्राउंड के रूप में। अब एक बार फिर ओडिशा सरकार भारतीय हॉकी को एक बहुत बड़ी सौगात देने वाली है। जहां ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में देश का सबसे हॉकी स्टेडियम तैयार किया जा रहा है जिसकी क्षमता 20,000 दर्शकों की होगी। यह स्टेडियम देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा।

स्टेडियम का नाम बिरसा मुंडा होगा

ओड़िशा के आदिवासी क्षेत्र में बन रहे इस स्टेडियम का नाम बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रखा गया है और यह स्टेडियम अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा। इस स्टेडियम को बनाने में 200 करोड़ रुपये की लागत लगाई जाएगी। अगले साल जनवरी में एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के मैच इसी स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस स्टेडियम में देश की हॉकी टीम को सपोर्ट करने के लिए 20 हज़ार दर्शक मौजूद होंगे।

ओड़िशा के खेल विभाग के सलाहकार स्वागत सिंह ने पत्रकारों से कहा, ''यह भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा। हमें लग रहा है कि यह विश्व में सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा लेकिन अभी एफआईएच (अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ) से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।'' इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अक्टूबर में इस स्टेडियम में प्रो लीग के मैच आयोजित करने की योजना है, जो परीक्षण मैच का काम भी करेंगे। सरकार विश्व कप के बाद इस पूरे परिसर को हॉकी अकादमी के रूप में तब्दील करने पर भी विचार कर रही है।

भारतीय हॉकी का गढ़ सुंदरगढ़

सुंदरगढ़ को भारतीय हॉकी का गढ़ माना जाता है जिसने दिलीप टिर्की, अमित रोहिदास और बीरेंद्र लाकड़ा जैसे खिलाड़ी देश को दिये हैं। इस क्षेत्र में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में यह खेल काफी लोकप्रिय है। इस स्टेडियम के बनने के बाद इस इलाके में हॉकी की प्रसिद्धि और बढ़ जाएगी।


Tags:    

Similar News