साई और हॉकी इंडिया ने 7 नये हाई परफॉर्मेंस हॉकी सेंटर्स खोलने का किया ऐलान

Update: 2020-02-06 10:21 GMT

स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया और हॉकी इंडिया ने देश के अलग-अलग शहरों में नये हाई परफॉर्मेंस हॉकी सेंटर्स खोलने का ऐलान किया है। इन सेंटर्स के खुलने से जूनियर और सब जूनियर स्तर के खिलाड़ियों को सुविधायें मिलेंगी। यह सब तैयारियां साल 2024 और साल 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

यह सभी एकेडमी खेलो इंडिया गेम्स की स्कीम के अंतर्गत बनाई जायेंगी। दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में नेशनल हॉकी एकेडमी, ओडिशा में साई सुंदरगढ़, भोपाल में साई यूडीएमसीसी और बेंगलुरु में भी अगले 3 महीने में एक्टिव हो जाएंगे। बाकी बचे हुए तीन सेंटर अगले एक साल में बनकर तैयार होंगे, जो जल्द शुरू हो जाएंगे। इन सेंटरों की निगरानी हॉकी इंडिया और इसके हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर करेंगे। इस प्रोग्राम के तहत युवा खिलाड़ियों को भविष्य में फायदा पहुंचेगा।

साई के महानिदेशक संदीप प्रधान ने कहा, "युवा मामले और खेल मंत्रालय और साई ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी के गेम्स की शुरुआत की, जिसमें एक मजबूत प्रणाली बनाई गई है। जो संभावित एथलीटों की पहचान करने में मदद करेगी, जिन्हें ओलंपिक के लिए प्रशिक्षित किया जा सकता है। देश में विभिन्न क्षेत्रों में हाई परफॉर्मेंस हॉकी सेंटर्स के शुभारंभ के साथ, हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च गुणवत्ता की सुविधा प्रदान की जाए जो उन्हें 2024 और 2028 के ओलंपिक खेलों में सफलता प्राप्त करने में मदद करेगी।"

हॉकी खेलने वाली बड़ी आबादी के कारण इन सात शहरों में बुनियादी ढांचा की उपलब्धता की वजह से साई और हॉकी इंडिया ने इन शहरों को हाई परफॉर्मेंस सेंटरों के लिए चुना है। फिलहाल देश में ये 7 सेंटर होंगे, लेकिन आगे देश में और भी सेंटर खेलो जा सकते हैं। बेंगलुरु का साई सेंटर मुख्य सेंटर होगा, जिसमें नेशनल टीम के सीनियर और जूनियर खिलाड़ी होंगे। इन सभी सेंटरों में से सैकड़ों युवा खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।

1- साई सेंटर्स, बेंगलुरु (साउथ जोन)

2- मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, नई दिल्ली (नार्थ जोन)

3- साई सुंदरगढ़, ओडिशा (ईस्ट जोन)

4-साई यूडीएमसीसी, भोपाल (सेंट्रल जोन)

5- साई एनएस एनईसी, मणिपुर (नार्थ-ईस्ट जोन)

6. बालेवाड़ी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, महाराष्ट्र (वेस्ट जोन)

7. साई सेंटर, रांची और गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम (ईस्ट जोन II)

Similar News