कोरोना वायरस के कारण भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन का दौरा रद्द किया

Update: 2020-02-07 11:42 GMT

कोरोना वायरस के कारण भारतीय महिला हॉकी टीम का चीन का दौरा अब रद्द हो चुका है। गौरतलब है कि भारतीय हॉकी टीम को 14 से 25 मार्च तक चीन दौरे पर जाना था। टोक्यो ओलंपिक के लिहाज से यह दौरा भारत के लिए महत्वपूर्ण था, ऐसे में हॉकी इंडिया के सामने इसके स्थान पर दूसरे दौरे को व्यवस्थित करने की कठिन चुनौती होने वाली है।

हॉकी विश्व कप की तैयारियों के लिए भारतीय टीमों को अच्छी टीमों के खिलाफ खेलने की जरुरत है। इस संबंध में भारतीय कप्तान रानी रामपाल ने पीटीआई से कहा, "हमें चीन जाना था लेकिन वायरस के कारण दौरा रद्द हो गया है। इस समय ज्यादातर कई टीमें उपलब्ध नहीं है क्योंकि वे प्रो हॉकी लीग खेल रही हैं। हॉकी इंडिया और हमारे कोच इसकी व्यवस्था कर रहे हैं।" ओलंपिक की तैयारियों के लिए बड़ी टीमों से खेलना जरुरी है। आपको बता दें कि प्रो हॉकी लीग में ऑस्ट्रलिया, न्यूज़ीलैंड, अर्जेंटीना, बेल्जियम, चीन, ग्रेट ब्रिटेन, नीदरलैंड और अमेरिका समेत शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं।

भारतीय हॉकी टीम ने हाल ही में अपने न्यूज़ीलैंड दौरे का अंत किया है। भारतीय टीम ने अपने इस दौरे का आगाज जीत से किया था। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में न्यूज़ीलैंड डेवलपमेंट स्क्वाड को 4-0 से हराया था। इसके बाद अगले दो मैचों में मेजबान कीवी टीम ने भारत को क्रमशः 2-1 व 1-0 से हराया था। इस दौरे का चौथा मैच भारत और ग्रेट ब्रिटेन के बीच खेला गया, जिसे भारत ने 1-0 से जीत लिया था। पिछले साल भारतीय टीम ने ओलंपिक का टिकट हासिल किया था। यह तीसरी बार है जब भारतीय टीम ओलंपिक में खेलेगी।

Similar News