भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी सुनीता लाकड़ा ने लिया संन्यास

Update: 2020-01-02 10:51 GMT

भारतीय महिला खिलाड़ी सुनीता लाकड़ा ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने घुटने की चोट के कारण यह फैसला किया है। गौरतलब है कि वह एशियाई खेल, ओलंपिक और हॉकी विश्वकप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। सुनीता लगभग 12 सालों तक भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं। उन्होंने भारत के लिये 139 मैच खेले और वह 2014 के एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता टीम का भी हिस्सा रहीं।

28 वर्षीय सुनीता ने अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा, "आज का दिन मेरे लिए बेहद ही भावुक है क्योंकि मैंने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने का फैसला लिया है। साल 2008 से अब तक भारतीय हॉकी टीम के साथ मेरा सफर बेहद ही शानदार रहा। इस सफर में मैंने बहुत से उतार चढ़ाव देखे लेकिन इन सबके बाद भी हम सब एकजुट रहे। एक दूसरे को हमने टीम में ताकत दी और खुद को मजबूत करने के लिए प्रेरणा भी बने। हर एक बुरी चीजों के खिलाफ बेहतरी तक लड़ाई की और आखिरी अपने देश के लिए सम्मान हासिल किया।"

https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1212621043719761920?s=20

सुनीता ने परिवार के साथ टीम के साथियों, हाकी इंडिया और मुख्य कोच सोर्ड मारिने का शुक्रिया अदा किया। इसके अलावा उन्होंने कहा, "मैं खुद को बहुत ही भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे 2016 के रियो ओलंपिक में खेलने का मौका मिला। तीन दशक में भारतीय महिला टीम की पहली ओलंपिक भागेदारी। भारत में कई लोगों ने मुझे ये कहा कि भारतीय महिला हॉकी के लिए यह ऐतिहासिक पल है लेकिन मैं हमेशा ही यह मानती हूं कि यह टीम इससे कहीं ज्यादा हासिल करने की क्षमता रखती है।"

यह भी पढ़ें:हम टोक्यो ओलंपिक में टॉप-4 में पहुंच सकते हैं-मनप्रीत सिंह

घुटने की चोट के कारण सुनीता का टोक्यो ओलंपिक में खेलने का सपना टूट गया। उन्हें एक और सर्जरी करनी पड़ेगी। सुनीता ने कहा, "डाक्टरों ने मुझे कहा कि मुझे इसके लिये आगामी दिनों में एक और सर्जरी करानी होगी। मुझे नहीं पता कि पूरी तरह उबरने में कितना समय लगेगा। मेरे उपचार के बाद मैं घरेलू हाकी खेलूंगी। नाल्को के लिये खेलूंगी जिन्होंने नौकरी देकर मेरे करियर में बहुत मदद की।"

Similar News