ISL 2019/20: मुंबई ने जमशेदपुर को हराकर प्लेऑफ की रेस से किया बाहर

Update: 2020-02-07 04:24 GMT

बीते गुरुवार को मुंबई फुटबॉल एरीना में मेजबान मुंबई सिटी एफसी और जमशेदपुर एफसी के बीच इंडियन सुपर लीग का 75वां मैच खेला गया, जिसे मुंबई ने 2-1 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ मुंबई चौथे स्थान पर बरकरार है, दूसरी तरफ जमशेदपुर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। मुंबई की ओर से चिरमिटी और बिद्यानंदा सिंह ने गोल किये दूसरे तरफ जमशेदपुर की ओर से एकोस्टा ने इकलौता गोल किया।

https://twitter.com/IndSuperLeague/status/1225449505807421440?s=20

मैच की शुरुआत से ही जमशेदपुर ने आक्रामक खेल दिखाया और दूसरे मिनट में ही गोल करने का शानदार प्रयास किया। मैच के दूसरे मिनट में ही सर्जियो कैसल के प्रयास को विपक्षी गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने असफल किया। जमशेदपुर को सातवें मिनट में पेनाल्टी मिल गई, जिस पर नोए एकोस्टा ने गोल करने में कोई गलती नहीं की। मेहमान टीम ने अपनी इस बढ़त को पहले हॉफ तक बरकरार रखा। दूसरे हॉफ में चिरमिटी ने 60वां मिनट में गोल करके टीम को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने कई प्रयास किये लेकिन गोल देखने को नहीं मिला। निर्धारित समय से पहले स्कोर 1-1 से बराबर था। एक समय ऐसा लगने लगा था जब दोनों टीमें अंक बांटने पर मजबूर हो जायेंगी, तब इंजुरी टाइम में बिद्यानंदा सिंह ने गोल करके मुंबई को जीत दिलवा दी। इस हार के साथ ही जमशेदपुर की प्लेऑफ में पहुंचने की सभी संभावनाओं पर पूर्ण विराम लग गया।

अगर बॉल पोजेशन की बात की जाय तो मेजबान मुंबई ने 58% बॉल को अपने पास रखी दूसरी तरफ जमशेदपुर 42% ही बॉल पर अपना कब्जा जमा सकी। चौथे स्थान पर मौजूद मुंबई ने अब तक 16 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 7 में जीत जबकि 4 में हार मिली है। इसके अलावा मुंबई के 5 मैच ड्रॉ रहे हैं। दूसरी तरफ दसवें पायदान पर मौजूद जमशेदपुर ने अब तक 15 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें सिर्फ 4 में जीत जबकि 7 में हार मिली है। इसके अलावा जमशेदपुर के 4 मैच ड्रॉ रहे हैं।

Similar News