पंकज सिंह को निर्विरोध भारतीय साइकलिंग महासंघ का अध्यक्ष चुना गया

मनिंदर पाल सिंह लगातार दूसरी बार महासचिव चुने गए जबकि केरल के सुदेश कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया

Update: 2023-04-24 14:46 GMT

पंकज सिंह 

नोएडा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह को भारतीय साइकलिंग महासंघ (सीएफआई) की नैनीताल में आम सभा की वार्षिक बैठक (एजीएम) में निर्विरोध महासंघ का अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ ही सीएफआई की एक्सक्यूटिव काउंसिल के अन्य 24 सदस्य भी चुन लिए गए। 

पंकज सिंह एकमात्र प्रत्याशी थे। इस शीर्ष पद पर उनसे पहले पंजाब के पूर्व मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा थे। ढींडसा खेल संहिता के तहत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य थे, उन्होंने सीएफआई के प्रमुख के रूप में तीन कार्यकाल (2011 से 12 वर्ष) की सेवा की है। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज कुछ समय के लिए भारतीय तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष रह चुके थे लेकिन अप्रैल 2022 में उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसके लिए उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायक के रूप में अपनी प्रतिबद्धताओं का हवाला दिया था।वहीं, निवर्तमान महासचिव मनिंदर पाल सिंह को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया क्योंकि वह इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। केरल के सुदेश कुमार कोषाध्यक्ष होंगे।। सीएफआई से मान्यता प्राप्त 26 राज्यों और बोर्डों ने एजीएम में भाग लिया।

विधायक के ऑफिशियल हैंडल से इसकी जानकारी ट्वीट के माध्यम से साझा की गई।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, गुजरात, केरल, तेलंगाना के दो सदस्य कार्यकारी परिषद में चुने गए जबकि चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, बिहार, तमिलनाडु, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार से एक-एक सदस्य को परिषद में जगह मिली।

पंकज सिंह ने समर्थन के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि न केवल साइकिलिस्टों बल्कि भारत के खिलाड़ियों को भी सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं मिले और जमीनी स्तर के कार्यक्रम पर ध्यान दिया जाएगा।’’

पंकज ने कहा, ‘‘मुझे अपनी ओर से और काम करना है। साइकलिंग सबसे लोकप्रिय खेल है लेकिन हमें इसे एलीट वर्ग के स्तर पर विकसित करना होगा। हमें जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों पर ध्यान केंद्रित करना होगा, जहां से हम सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा प्राप्त कर सकते हैं। हमें सतर्कता के साथ उन्हें निखारना होगा और हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकते हैं।’’

Tags:    

Similar News