कुश्ती
विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर लगाए यौन शोषण के आरोप - Live Updates
धरने पर बैठीं विनेश फोगाट ने कहा है कि उनपर डब्ल्यूएफआई पर ने इतने जुल्म ढाए हैं कि वो अपनी जान तक लेना चाहती थीं।

जंतर मंतर पर भारत के दिग्गज पहलवानों का विरोध विरोध लगातार जारी हैं। पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बीच सबसे बड़ा और गंभीर आरोप महिला स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने लगाया हैं।
बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक समेत अन्य पहलवानों के साथ धरने पर बैठीं विनेश फोगाट ने कहा है कि उनपर डब्ल्यूएफआई ने इतने जुल्म ढाए हैं कि वो अपनी जान तक लेना चाहती थीं।
इतना ही नहीं विनेश ने डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। विनेश फोगाट ने कहा, "टोक्यो ओलिंपिक में हार के बाद के डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे खोटा सिक्का कहा। डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक तौर पर परेशान किया। मैं हर दिन अपनी जिंदगी खत्म करने के बारे में सोटती थी। अगर किसी भी पहलवान के साथ कुछ होता है तो ये डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी।"
गंभीर आरोप लगाते हुए विनेश ने कहा, "कोच महिलाओं का शोषण करते हैं। कुछ कोच जो कि फेडरेशन के फेवरेट हैं वो महिला कोच के साथ भी बदतमीजी करते हैं। वो लड़कियों के साथ शारीरिक शोषण करते हैं। अध्यक्षभ ने भी कई लड़कियों का शारीरिक शोषण किया है।"
विनेश ने आगे कहा, "फेडरेशन हमारी निजी जिंदगी में भी दखल देती है। वो हमें प्रताड़ित कर रही है, जब हम ओलिंपिक में गए थे तो हमारे पास ना तो फीजियो थे और ना ही कोच, हमने जब आवाज उठाई तो हमें धमकियां दी गई।"
बता दें देश से सभी दिग्गज पहलवान इस समय दिल्ली के जंतर मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ के नए फैसलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे है और धरने पर बैठ गए हैं।
Live Updates
- 18 Jan 2023 1:04 PM GMT
क्या कोई सामने है जो कह सके कि फेडरेशन ने किसी एथलीट का उत्पीड़न किया - बृजभूषण शरण
"क्या कोई सामने है जो कह सके कि फेडरेशन ने किसी एथलीट का उत्पीड़न किया?" -रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवान विनेश फोगट और साक्षी मलिक द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर जबाब देते हुआ कहा।
- 18 Jan 2023 1:00 PM GMT
मीडिया को संबोधित करते भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह
मीडिया को संबोधित करते भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह। सिंह, जो डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष हैं, पर वरिष्ठ महिला पहलवानों ने लखनऊ में महिला राष्ट्रीय शिविर में पहलवानों का यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।
- 18 Jan 2023 12:56 PM GMT
लखनऊ में ही हमेशा ट्रायल क्यों होते हैं - विनेश
"लखनऊ में ही हमेशा ट्रायल होते हैं क्योंकि महिला पहलवानों को शिकार बनाना आसान होता है। हमने कई बार कैंप को लखनऊ से दूर ले जाने का अनुरोध किया है। कैंप सिर्फ वहीं क्यों होता है? क्योंकि उनके लिए महिला पहलवानों को शिकार बनाना आसान होता है।" विनेश ने कहा। पहलवान दिन के लिए धरना स्थल छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा है कि वे कल सुबह 9 बजे लौटेंगे।
- 18 Jan 2023 12:37 PM GMT
बजरंग को धरने पर देखकर दुखी - बॉक्सर विजेंदर सिंह
बॉक्सर विजेंदर सिंह ने विरोध के बारे में द ब्रिज को बताया, "देश के लिए इतना गौरव लाने और समर्थन नहीं मिलने के बाद जंतर-मंतर पर बजरंग पूनिया को धरने पर देखना दुखद है।"
- 18 Jan 2023 12:33 PM GMT
डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को अगर नहीं हटाया गया तो हम किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे - बजरंग पूनिया
"डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को हटाए जाने तक प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगे। हमारी मांग महासंघ को बदलने और डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को हटाने की है। अगर उन्हें नहीं हटाया गया तो हम किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे।" जब तक यह उपाय नहीं किया जाता है, तब तक विरोध जारी रहेगा। - बजरंग पूनिया
- 18 Jan 2023 12:30 PM GMT
भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रबंधन में बदलाव किया जाए - बजरंग पुनिया
हम चाहते हैं कि भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रबंधन में बदलाव किया जाए। हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री हमारा समर्थन करेंगे: ओलंपियन पहलवान बजरंग पुनिया
- 18 Jan 2023 12:25 PM GMT
किसी भी खिलाड़ी को कुछ होता है तो उसकी ज़िम्मेदार कुश्ती संघ के अध्यक्ष व फेडरेशन होगी - विनेश फोगाट
जंतर-मंतर पर WFI के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भावुक होते हुए भारतीय पहलवान व ओलंपियन विनेश फोगाट ने कहा, "फेडरेशन की ओर से खिलाड़ियों का शोषण किया गया। किसी भी खिलाड़ी को कुछ होता है तो उसकी ज़िम्मेदार कुश्ती संघ के अध्यक्ष व फेडरेशन होगी।"
- 18 Jan 2023 12:24 PM GMT
कुछ कोच राष्ट्रीय शिविर में लड़कियों का शोषण करते हैं - विनेश ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया
"कुछ कोच जो महासंघ के प्रिय हैं, राष्ट्रीय शिविर में लड़कियों का शोषण करते हैं। मैं 10 से अधिक लड़कियों का नाम ले सकती हूं, जिन्हें राष्ट्रीय शिविरों के दौरान परेशान किया गया था, लेकिन डर के कारण कोई भी सामने नहीं आई। यहां बैठी लड़कियों ने भी इसका सामना किया है।" - विनेश ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया
- 18 Jan 2023 12:21 PM GMT
डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने हमें परेशान किया - विनेश फोगाट
"डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने हमें परेशान किया और हमें धमकी दी। वे हमें मीडिया में नकारात्मक कवरेज देते हैं। टोक्यो ओलंपिक के बाद उन्होंने मुझे बहुत धमकी दी है। ये महासंघ के लोग हैं। मैं गंभीर आरोप लगा रहीं हूं क्योंकि मेरे साथ ऐसा हुआ है।" - विनेश फोगाट
- 18 Jan 2023 12:18 PM GMT
डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे खोटा सिक्का कहा - विनेश फोगाट
"क्या डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष की यात्रा महत्वपूर्ण थी या मेरे और अन्य महिला पहलवानों के साथ यात्रा करने वाला एक फिजियो महत्वपूर्ण था। उन्होंने मुझे खोटा सिक्का कहा और कहा तुम्हें गुस्सा बहुत आता है।" - विनेश फोगाट