Begin typing your search above and press return to search.

ताजा खबर

FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स के बारे में वह सारी जानकारी जो आपके लिए जानना है बेहद ज़रूरी

FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स के बारे में वह सारी जानकारी जो आपके लिए जानना है बेहद ज़रूरी
X
By

Syed Hussain

Published: 31 Oct 2019 7:36 AM GMT

शुक्रवार से ओडिशा के भुवनेश्वर में FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स की शुरुआत होने जा रही है, जहां भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमों को 1 और 2 नवंबर को मुक़ाबले खेलने हैं। भारतीय पुरुष टीम का सामना जहां रूस से होगा तो भारतीय महिला टीमों के सामने अमेरिका की चुनौती होगी। यानी जिस पल का इंतज़ार भारतीय हॉकी टीम और भारतीय हॉकी प्रेमियों को था, वह बस आने ही वाला है। क्योंकि इन दो दिनों के बाद ये साफ़ हो जाएगा कि भारतीय हॉकी टीम 2020 टोक्यो ओलंपिक में शिरकत कर रहीं हैं या नहीं। ओलंपिक में क्वालिफ़िकेशन के लिए दो मैचों के बाद जिस टीम का स्कोर बेहतर होगा उसे टोक्यो का टिकेट मिलेगा। लेकिन अगर स्कोर बराबर रहा, तो फिर शूटआउट के ज़रिए ओलंपिक की टिकेट मिलेगी।

निखत ज़रीन और एम सी मैरीकॉम के बीच कराया जा सकता है ट्रायल मैच !

सभी की नज़रें 1 और 2 नवंबर को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होगी, जहां महिला और पुरुष दोनों ही टीमें इस बड़ी चुनौती के लिए मैदान में उतरेंगी। भारतीय महिला टीम (विश्व रैंकिंग में 9वें नंबर पर) का सामना अपने से नीचे रैंकिंग की टीम संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) से होगा, जो 13वें स्थान पर हैं। तो भारतीय पुरुष टीम की टक्कर रूस के ख़िलाफ़ होगी, हालांकि काग़ज़ पर भारत की ये टक्कर आसान दिखाई दे रही है क्योंकि टीम इंडिया जहां विश्व रैंकिंग में पांचवें पायदान पर है तो रूस 22वें नंबर पर।

भारतीय पुरुष टीम है प्रबल दावेदार

भारतीय पुरुष टीम आत्मविश्वास से लबरेज़ है, हाल ही में टीम इंडिया ने टोक्यो टेस्ट इवेंट में जीत दर्ज की थी और फिर बेल्जियम दौरे पर भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। आख़िरी बार जब किसी FIH टूर्नामेंट में भारत और रूस का आमना सामना हुआ था तो टीम इंडिया ने रूस को 10-0 से करारी शिकस्त दी थी। लिहाज़ा मनप्रीत सिंह की कप्तानी में ये टीम टोक्यो का टिकेट लेने की प्रबल दावेदार है।

भारतीय महिला टीम के सामने कड़ी चुनौती

दूसरी तरफ़ अगर बात रानी रामपाल की अगुवाई वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की करें तो उनके लिए चुनौती ज़्यादा कड़ी है। भारतीय महिला टीम पहली बार भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में मैच खेलने जा रही है, लिहाज़ा उनकी नज़र इसे यादगार बनाने पर होगी। रानी रामपाल की इस टीम इंडिया ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इंग्लिश दौरे का वही आत्मविश्वास टीम इंडिया अपने घर में भी बरक़रार रखना चाहेगी। भारतीय महिला टीम के लिए अमेरिका की चुनौती आसान इसलिए नहीं होने वाली, क्योंकि भले ही रैंकिंग में वह भारत से नीचें हो लेकिन ये टीम मैदान में हमेशा सामने वाली टीम को चौंकाने के लिए प्रसिद्ध है।

जानिए नवंबर में भारत को कहां कहां और किन किन खेलों में करना है शिरकत ?

मैचों का समय शाम 6 बजे और रात 8 बजे रखा गया है, भारतीय महिला टीम और अमेरिकी महिला टीम 1 और 2 नवंबर को जहां शाम 6 बजे खेलेगी। तो वहीं रूस के ख़िलाफ़ भारतीय पुरुष टीम 1 और 2 नवंबर को ही रात 8 बजे मैदान में उतरेगी। इन सभी मुक़ाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है।

Next Story
Share it