Begin typing your search above and press return to search.

क्रिकेट

नवंबर में होने वाले खेल जिनमें भारतीय चुनौतियों पर होगी खेल प्रेमियों की निगाहें

नवंबर में होने वाले खेल जिनमें भारतीय चुनौतियों पर होगी खेल प्रेमियों की निगाहें
X
By

Syed Hussain

Updated: 11 April 2022 8:39 AM GMT

भारतीय खेल प्रेमियों के लिए नवंबर का महीना बेहद अहम होने वाला है, क्योंकि इस महीने हिन्दुस्तान को कई अहम खेलों में हिस्सा लेना है। हॉकी से लेकर फ़ुटबॉल, निशानेबाज़ी से लेकर तीरंदाज़ी और बैडमिंटन से लेकर टेनिस कोर्ट पर भी भारत का जलवा देखने को नवंबर में मिलेगा।

हॉकी

भारत के लिए सबसे अहम होने वाले हैं नवंबर के पहले दो दिन, क्योंकि इन दो दिनों में भारतीय हॉकी पुरुष और महिला दोनों ही टीमों को FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स खेलना है। भुवनेश्वर में होने वाले FIH ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स में 1 और 2 नवंबर को भारतीय पुरुष टीम का सामना जहां रूस से होगा, तो इसी दिन इसी जगह भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने 13वीं रैंकिंग वाली अमेरिकी महिला टीम की चुनौती होगी।

EXCLUSIVE: अनुराग कश्यप बेवक़ूफ़ हैं और शूटर्स दादियां पैसों की लालची

महिला मुक़ाबले शाम 6 बजे से खेले जाएंगे तो इसके बाद रात 8 बजे से पुरुष टीम के मैच शुरू होंगे। इन सभी मुक़ाबलों का सीधा प्रसारण स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

निशानेबाज़ी

हॉकी के अलावा निशानेबाज़ी में भी भारत की चुनौती अहम होने वाली है, 3 से 11 नवंबर तक जहां एशियन शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन होगा तो इसी महीने की 17 से 23 नवंबर तक ISSF राइफ़ल वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले खेले जाएंगे। भारतीय निशानेबाज़ों का शूटिंग में हाल ही में प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था, लिहाज़ा इन दोनों टूर्नामेंट से भारतीय खेल प्रेमियों को बहुत उम्मीदे हैं।

तीरंदाज़ी

हालांकि अब तक इस पर से तस्वीर साफ़ नहीं हुई है कि ओलंपिक में भारत निशानेबाज़ी में प्रतिनिधित्व कर पाएगा या नहीं, क्योंकि अभी तक भारत के ऊपर विश्व तीरंदाज़ी संघ का प्रतिबंध जारी है। हालांकि इसके बावजूद 22 से 28 नवंबर तक होने वाले एशियन ओलंपिक क्वालिफ़िकेशन में भारतीय तीरंदाज़ खेलते हिस्सा लेते हुए नज़र आएंगे, क्योंकि अगर ओलंपिक के पहले भारतीय तीरंदाज़ी संघ से प्रतिबंध नहीं हटता है तो ओलंपिक के लिए क्वालिफ़ाई करने वाले तीरंदाज़ ओलंपिक झंडे के अंदर खेल सकते हैं।

फ़ुटबॉल

FIFA 2022 वर्ल्ड कप क्वालिफ़ायर्स में इस महीने भारत को दो मुक़ाबले खेलने हैं, 14 नवंबर को भारत के सामने जहां अफ़ग़ानिस्तान की चुनौती होगी तो 19 नवंबर को भारत का मुक़ाबला ओमान से होगा। भारत के ये दोनों ही मुक़ाबले अवे गेम होंगे, यानी भारत को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ तज़िकिस्तान में खेलना होगा और ओमान भी अपने घर में ही खेलेगा। ये सारे मुक़ाबले स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखे जा सकते हैं।

बैडमिंटन

नवंबर में एक बार फिर बैडमिंटन कोर्ट पर सभी की निगाहें होंगी, क्योंकि इस महीने तीन टूर्नामेंट होने वाले हैं। 5 से 10 नवंबर के बीच जहां फ़ुज़ो चाइना ओपन खेला जाएगा, तो 12 से 17 नवंबर के बीच हांग कांग ओपन भी खेले जाएंगे। और फिर 26 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच सैयद मोदी इंटरनेश्नल का आयोजन होगा।

टेनिस

बैडमिंटन कोर्ट के अलावा टेनिस कोर्ट पर भी इस महीने 11 से 17 नवंबर के बीच पुणे चैलेंजर खेला जाएगा, और साथ ही साथ 29 और 30 नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच पाकिस्तान में ही डेविस कप भी प्रस्तावित है। लेकिन इसपर आख़िरी फ़ैसला 4 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय टेनिस संघ की ओर से आना है।

क्रिकेट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कैरेबियाई दौरे की शुरुआत भी 1 नवंबर से होने जा रही है, जहां भारत को 3 वनडे और 5 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज़ खेलनी है। 1, 3 और 6 नवंबर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज़ की महिला क्रिकेट टीम के बीच वनडे मैच होंगे। तो 10 नवंबर को पहला और दूसरा टी20 खेला जाएगा (सुबह 3.30 बजे और रात 11 बजे), तीसरा टी20 15 नवंबर, चौथा टी20 17 नवंबर और 21 नवंबर को पांचवें टी20 के साथ कैरेबियाई दौरे का समापन होगा।

Next Story
Share it