पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन भुवनेश्वर में होगा

Update: 2020-01-07 05:27 GMT

पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन 22 फरवरी से 1 मार्च के बीच किया जायेगा। इन खेलों की मेजबानी ओडिशा के भुवनेश्वर में की जायेगी। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को इस संबंध में घोषणा की। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे।

ओडिशा के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलोजी यूनिवर्सिटी में यह खेल आयोजित होंगे, जिसमें देश भर के 100 विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। विश्वविद्यालय स्तर पर पहली बार होने वाले इन खेलों में कुल 17 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, जूडो, तैराकी, भारोत्तोलन, कुश्ती, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, रग्बी और कबड्डी शामिल हैं। इस अवसर पर जर्सी और मैस्कॉट की भी घोषणा की गई।

भुवनेश्वर ने पिछले हॉकी विश्व कप की सफल मेजबानी भी की थी। इसके अलावा साल 2021 में होने वाले आगामी हॉकी विश्व की मेजबानी भी भुवनेश्वर के खाते में गई है। विश्व स्तरीय खेलों के सफल आयोजन के कारण मुख्यमंत्री पटनायक ने भुवनेश्वर को खेल राजधानी के रूप में प्रस्तुत किया। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू की उपस्थिति में नवीन पटनायक ने कहा, "मुझे यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि पहले खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल भुवनेश्वर में आयोजित किए जाएंगे। एक ऐसा शहर जिसने भारतीय खेल राजधानी होने का गौरव प्राप्त किया है।"

Similar News